मैं बालिग हूं और बिना किसी जोर जबरदस्ती के इमाम साहब से निकाह किया है। वीडियो बनाने का मकसद यह है कि जब मैं यह बात अपने परिवार को बताऊंगी तो वह इमाम साहब को लेकर गलत बात न करें। मेरे साथ कोई हादसा भी होता है तो इमाम साहब जिम्मेदार नहीं हैं। हर चीज में मेरी रजामंदी है।

QuoteImage

जयपुर में शादीशुदा और तीन बच्चों के पिता मौलाना और 18 साल की युवती के निकाह के मामले में ये वीडियो सामने आया है।

2 मिनट 25 सेकेंड का ये वीडियो कथित तौर पर युवती ने अपने घर में रिकॉर्ड किया था। इधर, पीड़ित परिवार ने मौलाना पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पिता का कहना है कि उनकी बेटी ही नहीं, मदरसे में पढ़ने आने वाली अन्य बच्चियों को भी ब्रेनवाश किया जा रहा था। उन पर जादू टोना किया जा रहा था।


2 मिनट 25 सेकेंड के वीडियो में क्या बोली युवती?

लड़की ने वीडियो में खुद का और अपने पिता का परिचय देते हुए बताया कि वह बालिग है और मर्जी से मौलाना के साथ रहना चाहती है।

उसने कहा- बिना किसी जोर जबरदस्ती के अपने होशो हवास में मैंने इमाम साहब से निकाह किया है। मैं उन्हे एक लंबे अर्से से जानती हूं। वह बहुत ईमानदार इंसान हैं।

इमाम साहब की शादी हो चुकी है। इन लोगों से भी मेरी बात हो चुकी है। उन लोगों को भी कोई एतराज नहीं है। हम लोग साथ में रहना चाहते हैं।

इस वीडियो को बनाने का मकसद यह है कि जब में यह बात अपने परिवार को बताऊंगी तो वह इमाम साहब को लेकर गलत बात ना करें। पुलिस कार्रवाई करने की कोशिश न करें।

मुझे किसी भी प्रकार से ब्लैकमेल के दबाव में नहीं लिया गया। मैंने अपनी मर्जी से निकाह किया है और मैं खुश हूं। अगर कोई इज्जतदार व्यक्ति किसी के साथ निकाह करके उसे अपने घर ले जाना चाहता है तो समाज को क्या दिक्कत होती है।

मेरे साथ कोई हादसा भी होता है तो इमाम साहब इस के लिए कहीं से भी जिम्मेदार नहीं हैं। हर चीज में मेरी रजामंदी है। यह वीडियो मैं अपने घर से बना रही हूं।


मदरसे की दूसरी लड़कियों ने रोक दिया

पिता ने बताया कि बेटी के 18 साल की होने पर शादी के लिए लड़का देखा था। लड़के को घर भी बुलाया था। लड़के के जाने के बाद बेटी ने बताया कि वह इमाम के साथ शादी कर चुकी है।

ये पता चला तो पिता गुस्से में मदरसे पहुंचे। इस दौरान परिवार और कॉलोनी के लोग भी पिता के साथ थे। वहां पहुंचने पर मदरसे में पढ़ने वाली दूसरी लड़कियों ने गेट पर ही लड़की के पिता व अन्य लोगों को रोक दिया।

उन्होंने कहा कि हमारे इमाम साहब सही कर रहे हैं। पिता का कहना है कि इस दौरान 30 से 40 लड़कियां गेट पर खड़ी हो गईं और चिल्लाने लगी। हंगामे का फायदा उठाकर इमाम उनकी बेटी को मदरसे की दीवार फांदकर अपने साथ ले गया।

पिता के पास 3 कथित ऑडियो क्लिप

लड़की के पिता ने 3 ऑडियो क्लिप सुनाई। उनका दावा है कि ये ऑडियो मदरसे की दूसरी लड़कियों के हैं। ऑडियो में लड़कियां कह रही हैं- हमारे इमाम साहब ने जो किया वह सही किया है।

अगर इसका किसी ने विरोध किया तो हम लोग उन के खिलाफ खड़े हो जाएंगे, चाहे वह हमारे परिवार के ही लोग क्यों ना हों। लड़की बालिग है।

अपनी मर्जी से निकाह कर सकती है। उस पर किसी ने कोई जोर जबरदस्ती नहीं की है। जब दोनों राजी हैं तो उन्हें रोकने वालों को हम नहीं छोड़ेंगे।

परिवार का आरोप है कि मदरसे में पढ़ने आने वाली अन्य बच्चियों को भी कथित तौर पर प्रभावित किया जा रहा था। माता-पिता ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यह पता लगाने की मांग की है कि कहीं दूसरी बच्चियां भी इस तरह के दबाव या प्रभाव में तो नहीं हैं।


बेटी के पिता और कॉलोनी के लोगों पर मारपीट का केस दर्ज

मामले का विरोध करते हुए स्थानीय लोग थाने पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस ने मौलाना को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया। शनिवार को कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश हुए।

कोर्ट से बाहर निकलते समय आक्रोशित लोगों ने मौलाना पर हमला कर दिया। लोगों ने लात-घूंसों से उसकी पिटाई की। पुलिसकर्मियों ने मुश्किल से उसे भीड़ से बचा कर बाहर निकाला।

कोर्ट परिसर में हुई मारपीट की जानकारी जब पुलिस तक पहुंची तो कॉलोनी के लोगों और लड़की के पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी।

आरोप – पिता को मिल रही जान से मारने की धमकी

पीड़ित पिता ने बताया कि इस घटना के बाद अलग-अलग नंबरों से उनके पास फोन आ रहे हैं। कुछ लोग तो घर पर आकर धमका रहे हैं कि जब दोनों राजी है तो उसे क्या परेशानी हैं।

एडवोकेट मुराद पाटनी ने बताया कि पीड़ित परिवार के साथ-साथ हम पर भी दवाब बनाया जा रहा है। हम सरकार से मांग करेंगे कि मदरसों की एक बार जांच कराई जाए, ताकि पता चले कि यहां पर लगने वाले मौलवी आखिर कहां से आते हैं।

लड़की बालिग, इसलिए केस दर्ज नहीं : पुलिस

SHO रघुवीरसिंह ने बताया कि मदरसे में झगड़े की सूचना मिली। पिता की ओर से बेटी के निकाह की शिकायत दी गई थी। पुलिस ने बेटी से बात की तो पता चला कि वह 18 साल 13 दिन की है।

बालिग होने के कारण कोई केस नहीं बनता। लोगों के आक्रोश को ध्यान में रखते हुए और माहौल न बिगड़े इसे लेकर इमाम को डिटेन किया और शांतिभंग में गिरफ्तार किया।

पीड़ित पिता की ओर से जो शिकायत दी गई उसमें कोई अपराध नहीं बनता, इसलिए केस दर्ज नहीं हुआ।