स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के परिणाम बुधवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में घोषित किए गए। राजस्थान के किसी शहर की रैंकिंग किसी भी कैटेगरी में टॉप 3 में नहीं आई है। हालांकि जयपुर को स्टेट फर्स्ट ऑफ स्वच्छ सिटी अवॉर्ड मिला है। यह अवॉर्ड यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जयपुर मेयर सुनील कोठारी, नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिया।
वहीं, 10 लाख से ज्यादा आबादी में देश के स्वच्छ तीन शहरों में जयपुर शामिल नहीं है। पिछली बार इसमें जयपुर टॉप 20 में रहा था।
केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से राज्यों के मुख्य सचिवों को भेजे गए पत्र में पुरस्कार समारोह की जानकारी दी गई थी। इसमें चयनित शहरों के प्रतिनिधियों को पुरस्कार प्राप्त करने के लिए बुलाया गया था।
पिछली बार दोनों निगम 10 लाख से अधिक आबादी कैटेगरी में टॉप-20 में रहे
दरअसल, पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जयपुर ग्रेटर ने 16वीं और जयपुर हेरिटेज ने 20वीं रैंक हासिल की थी। दोनों निगमों को थ्री-स्टार रेटिंग भी मिली थी। इस बार दोनों निगमों के एकीकृत होने के बाद जयपुर ने एक शहर के रूप में सर्वेक्षण में हिस्सा लिया है।
हालांकि नगर निगम की ओर से स्वच्छता व्यवस्था सुधारने, सफाई अभियान चलाने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रयास किए गए थे।