बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन के लिए इस बार भाई दूज का त्योहार थोड़ा खास रहा। फिल्म की शूटिंग के बीच कार्तिक ने बहन डॉ. कृतिका तिवारी के साथ त्योहार मनाने के लिए वक्त निकाला। खास बात यह रही की कार्तिक की बहन खुद उनसे मिलने उनके सेट पर पहुंच गईं। इसके बाद दोनों ने साथ में कुछ प्यारी तस्वीरें भी क्लिक की, जिन्हें कार्तिक ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। तस्वीरों के साथ लिखे मजेदार कैप्शन ने भी सब का ध्यान खींचा जिसने त्योहार में हंसी का तड़का लगा दिया।

'भूल भुलैया 2' एक्टर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फैंस के साथ भाई दूज सेलिब्रिशन के खास पल शेयर किए। पहली दो तस्वीरों में कार्तिक और उनकी बहन साथ में सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। वहीं, आखिरी तस्वीर में कृतिका अपने भाई को आशीर्वाद देती दिखाई दे रही हैं। इन तस्वीरों में दोनों के बीच की प्यारी बॉन्डिंग साफ नजर आ रही है।
शूटिंग सेट पर गिफ्ट लेने पहुंची बहन, कार्तिक ने किया मजेदार पोस्ट

कार्तिक ने इन तस्वीरों के साथ मजेदार अंदाज में कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, 'शूट पर भी गिफ्ट लेने आ गई! हैप्पी भाई दूज।' कार्तिक की इस पोस्ट पर उनकी बहन कृतिका ने भी प्यार जताया। उन्होंने कमेंट करते हुए लिखा, 'मैं बहुत खुश हूं कि तुम वापस घर आ गए हो!' इस पर कार्तिक ने भी जवाब दिया, 'हां भाई, वापस आ गया।' दोनों की इस छोटी सी बातचीत ने फैंस का ध्यान खींच लिया। भाई-बहन के बीच की यह मस्ती और प्यार सोशल मीडिया पर लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
बहन की शादी पर कार्तिक ने लिखा था इमोशनल पोस्ट

कार्तिक आर्यन और उनकी बहन कृतिका के बीच काफी गहरा रिश्ता है। इसकी झलक पिछली साल कृतिका की शादी के दौरान भी देखने को मिली थी। उस वक्त कार्तिक ने अपनी बहन की शादी की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए एक लंबा और इमोशनल पोस्ट लिखा था। उन्होंने बहन को याद करते हुए लिखा था कि उन्होंने कृतिका को बचपन में हर जगह उनके पीछे घूमने वाली छोटी बच्ची से एक खूबसूरत दुल्हन बनते देखा है। कार्तिक ने यह भी कहा था कि उन्हें अपनी बहन के संस्कारों और उस इंसान पर गर्व है, जो वह आज बनी हैं।

कार्तिक ने बहन को बताया परिवार की धड़कन

एक्टर ने आगे लिखा था कि दोनों ने साथ में कई यादें, हंसी-मजाक, लड़ाइयां और राज साझा किए हैं। उन्होंने अपनी बहन को परिवार की धड़कन बताते हुए कहा था कि जिंदगी में चाहे कितने भी बदलाव आ जाए, वह हमेशा उनकी छोटी बहन ही रहेंगी। कार्तिक ने अपनी बहन के पति तेज की भी तारीफ की थी और कहा था कि उन्हें खुशी है कि कृतिका को इतना नेक और ख्याल रखने वाला जीवनसाथी मिला है।

कौन हैं कार्तिक की बहन कृतिका?

कार्तिक आर्यन की बहन डॉ. कृतिका तिवारी पेशे से डॉक्टर हैं और हेयर ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में स्पेशलाइजेशन रखती हैं। कृतिका ने 4 दिसंबर 2025 को ग्वालियर के एक पैलेस में तेजस्वी कुमार सिंह के साथ शादी की थी। उनके पति पेशे से पायलेट हैं। बहन की शादी में कार्तिक ने जमकर मस्ती की और भाई-बहन का प्यार साफ देखने को मिला। इतना ही नहीं, वह अपनी बहन को मंडप तक लेकर भी पहुंचे थे। शादी के कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं।

कार्तिक आर्यन के प्रोजेक्ट्स

कार्तिक आर्यन के अपकमिंग प्रोजेक्ट की बात करें तो वह जल्द ही कई फिल्मों में नजर आने वाले हैं। उनकी आने वाली फिल्मों में 'नागजिला', 'कैप्टन इंडिया' और विवेक अग्निहोत्री की 'ऑपरेशन सिंदूर' शामिल हैं। इसके अलावा वह स्रीलीला के साथ अनुराग बसु की एक अनटाइटल्ड फिल्म में भी काम कर रहे हैं। वहीं, उनकी पिछली रिलीज फिल्म 'तू मेरी मैं तेरी, मैं तेरी तू मेरी' थी, जो 25 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।