भोपाल। राजधानी में अजाक थाना पुलिस ने एक महिला की रिपोर्ट पर उसके कालेज के दोस्त के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करने, अश्लील फोटो बहुप्रसारित करने व जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का केस दर्ज किया है। आरोपित दोस्त शादी के बाद महिला पर मिलने के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन वह तैयार नहीं थी। फिलहाल आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अजाक थाना पुलिस के मुताबिक 25 वर्षीय महिला लालघाटी इलाके में रहती है और एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती है। कालेज में उसका दोस्त गणेश भार्गव था। दोनों के बीच दोस्ती थी। गत महीने में महिला की शादी हो गई। शादी के बाद गणेश मिलने के लिए महिला पर दबाव बना रहा था लेकिन महिला मिलने को तैयार नहीं थी। उसने उसे धमकी दी, लेकिन वह उसकी बात नहीं मानी। इस बीच गणेश ने महिला के कुछ अश्लील फोटो उसके पति को भेज दिए।
इंटरनेट मीडिया पर दोस्ती कर महिला से दुष्कर्म
इंटरनेट मीडिया के माध्यम वाट्सएप पर तीन साल पहले महिला की दोस्ती एक युवक से हो गई थी। पति की मौत बाद से महिला अपने बच्चों का भरण-पोषण करने के लिए निजी काम करती है। युवक महिला को अपने घर ले गया और वहां पर दुष्कर्म किया। वह उसे बदनाम करने की धमकी देकर बाद में भी शारीरिक शोषण करता रहा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। कमला नगर पलिस के अनुसार 38 वर्षीय महिला एमपी नगर इलाके में रहती है। करीब तीन साल पहले वाट्सएप पर उसकी पहचान सचिन सोलंकी नाम के युवक से हो गई थी। मई में सचिन महिला को राहुल नगर स्थित अपने घर पर ले गया। यहां पर उसने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बना लिए। इसके बाद उसने बदनाम करने की धमकी देकर कई बार महिला के साथ दुष्कर्म किया।