इंदौर। मंगलवार सुबह शहर में बादल छाए रहे और वर्षा की हल्की फुहारें बरसी। सुबह धुंध का असर रहा और पश्चिमी हवाएं 15 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली। रातभर में शहर में पांच मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दिन में बादल छाए रहेंगे। हल्की बूंदाबांदी जारी रहेगी।
गौरतलब है कि सोमवार को सुबह बादल छाए रहे और दोपहर में धूप भी खिली। दिन में पश्चिमी हवाएं 16 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। धूप निकलने के कारण दिन के तापमान में भी इजाफा देखने को मिला। सोमवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 30.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 23.1 डिग्री दर्ज किया गया। एयरपोर्ट स्थित वेदर स्टेशन पर मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक 5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, वर्तमान में कोई मजबूत सिस्टम न होने के कारण अभी इंदौर में वर्षा की गतिविधियों में कमी बनी रहेगी। मंगलवार को दिन में हल्के बादल छाए रहे और धूप खिलेगी। गर्मी के कारण शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज बौछारें भी देखने को मिल सकती है।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के उत्तर पश्चिम हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र मजबूत होकर अवदाब में बदल गया है। इस मौसम प्रणाली के असर से अगले दो से तीन दिन तक प्रदेश के पूर्वी हिस्से में वर्षा होगी जबकि पश्चिम हिस्से में कहीं-कहीं हल्की बौछारें ही पड़ेगी। इस प्रणाली के समाप्त होने के पश्चात ही नई मौसम प्रणाली बनेगी। ऐसे में अगस्त के दूसरे सप्ताह बाद ही इंदौर में अच्छी वर्षा होने की संभावना है।