'खतरनाक है... इन्हें दंडित किया जाए', साड़ी पहनकर एसपी अंकिता शर्मा ने चलाईं गोलियां, पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल ने निकालीं कई कमियां
Updated on
22-10-2026 01:54 PM
रायपुर: छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा ने विजयदशमी के मौके पर एके-47 से फायरिंग की थीं। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने साड़ी पहनकर गोलियां चलाई थीं। इसे लेकर पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल ने सवाल उठाए हैं। साथ ही कई कमियां निकाली हैं।एसपी ने साड़ी में की थी फायरिंग
दरअसल, विजयदशमी के दिन छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में शस्त्र पूजन होता है। इस अवसर पर राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा ने भी पुलिस लाइन में पूजन की थी। पूजन के बाद उन्होंने ऑटोमैटिक एके-47 को लेकर तड़ातड़ गोलियां चलाई थीं। फायरिंग करते हुए वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। कई लोग एसपी मैडम की दिलेरी की तारीफ कर रहे हैं। वहीं, पूर्व सेना अफसर ने कई सवाल उठा दिए हैं।
खतरनाक है यह...
पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने वीडियो को शेयर करते हुए एक्स पर कई सवाल उठाए हैं। साथ ही इस तरह की गतिविधि को उन्होंने खतरनाक बताया है। पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल कंवल जीत सिंह ढिल्लों ने उनके खिलाफ दंडनीय कार्रवाई की मांग भी की है।
पूर्व सेना अफसर ने निकालीं ये कमियां
- लोडेड हथियार को खतरनाक रूप से गलत तरीके से हैंडल करना
- हथियार हैंडलिंग की सुरक्षा के सभी पहलू उल्लंघित
- लोडेड हथियार को सभी दिशाओं में तानना। वीडियो में दिख रहे लोग भयभीत दिख रहे।
- गैर-अधिकृत कार्य के लिए सर्विस हथियार चलाना, गैर-अधिकृत वर्दी में
- ट्रेनिंग अकादमियों में सिखाए गए बेसिक हथियार हैंडलिंग ड्रिल का पालन न करना
- ऐसी लापरवाह कार्रवाई से स्वंय या दूसरों को मौत या चोट पहुंच सकती है
- कुल मिलाकर, जिम्मेदारी के बिना सत्ता का काला प्रदर्शन
- ऐसी अनुशासनहीनता के कार्यों की पुनरावृत्ति से बचने के लिए उचित रूप से दंडित किया जाना चाहिए
सेना के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं ढिल्लों
पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल ढिल्लों ने बिंदुवार तरीके से एसपी अंकिता शर्मा पर सवाल उठाए हैं। केजेएस ढिल्लों ने लंबे समय तक सेना में काम किया है। दिसंबर 1983 में उन्होंने राजपूताना राइफल्स में कमीशन प्राप्त किया था। जम्मू कश्मीर में लंबे समय तक काम किया है। वह सेना से 2022 में रिटायर हुए थे।
राजनांदगांव की एसपी हैं अंकिता शर्मा
गौरतलब है कि अंकिता शर्मा 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। वह छत्तीसगढ़ में तैनात हैं। कई नक्सल ऑपरेशन को भी अंकिता शर्मा ने लीड किया है। सोशल मीडिया पर भी वह काफी एक्टिव रहती हैं।