
विजयादशमी के उल्लास के बीच प्रदेश के चार जिलों में रफ्तार के कहर ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। इन सड़क हादसों में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में गर्भवती और चचेरे भाई शामिल हैं।
दंतेवाड़ा: लोगों से भरी पिकअप पलटने से गर्भवती की मौत
भांसी थाना क्षेत्र के राजा बंगला मोड़ पर दशहरा मेला देखने जा रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में वाहन सवार 9 माह की गर्भवती महिला अन्नू मंडावी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य सवारियों को चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि बचेली की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने पहले बस से उतरकर सड़क पार कर रहे ग्रामीण मुड़ा भास्कर को टक्कर मारी। इसके बाद चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी भगाने की कोशिश की, जिससे वाहन कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कोरबा के उरगा-हाटी मार्ग पर नोनबिर्रा के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार भारी वाहन ने एक इलेक्ट्रिक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार नोनबिर्रा निवासी यशवंत गुप्ता (24) और चचेरे भाई शुभम गुप्ता (20) की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद पंडित के घर पूजा सामग्री छोड़कर लौट रहे थे। वहां से वे परिजनों के साथ दशहरा उत्सव देखने जाने वाले थे। करतला थाना प्रभारी गणेश राम यादव के अनुसार, टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश कर रही है। उधर, कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे पर भी 24 घंटे में दो हादसों में दो लोगों की जान चली गई।
रायगढ़ : 4 हादसों में 6 लोगों की मौत, 4 रायपुर रेफर
जिले के छाल, कापू और गेरवानी क्षेत्र में मंगलवार शाम हुए चार सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई और 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रायपुर रेफर किया गया है। पहली घटना छाल क्षेत्र की है जहां,अस्पताल पारा के पास दशहरा मेला देखने जा रहे 4 युवकों की बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
इसी थाना क्षेत्र में मेला देखने पैदल जा रहे चंद्रदेव सिंह ठाकुर को अज्ञात बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे जान चली गई। उधर, कापू क्षेत्र में इंचपारा-पारेमेर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन ने पैदल चल रहे ग्रामीणों को कुचल दिया।
हादसे में पवन कोरवा और उनकी बेटी नयंती कोरवा की मौके पर मौत हो गई। तीसरी घटना में गेरवानी के नलवा गेट नंबर-3 के पास डंपर के पीछे बाइक जा घुसी। हादसे में आकाश कुमार (40) की मौके हो गई।
अंबिकापुर : मेला देखकर लौट रहे मोपेड सवार दो किशोरों को ट्रेलर ने कुचला
सीतापुर के कासाबेल बिजली पावर हाउस के पास बुधवार तड़के करीब 5 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर (HR-38 AM 9613) ने मोपेड (CG-15 DR 2726) को टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड पर पीछे बैठे सोनतराई सड़कपारा निवासी सूर्यकांत और पवन मांझी पहियों के नीचे आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मोपेड चला रहा उनका साथी विजय छिटककर दूर जा गिरा, जिससे वह बच गया।