बैतूल/भोपाल, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को बैतूल में छात्रों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में पर्यटन गतिविधियों का जायजा लेकर महुपानी में सफारी गेट, टिकट काउंटर एवं पर्यटन संबंधी बुनियादी सुविधाओं के 42 लाख से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन कर माध्यमिक शाला माकड़ा में स्टूडेंट डेस्क-बेंच वितरित किए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री खण्डेलवाल ने कहा कि ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में जंगल सफारी शुरू होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। यह कंजर्वेशन रिजर्व प्रकृति पर्यटन का नया केंद्र बनेगा। जनतातीय होमस्टे, बटरफ्लाई पार्क और जिप्सी सफारी से ताप्ती रिजर्व का पर्यटन बढ़ेगा। जंगल की सैर के साथ स्थानीय युवाओं की आय बढ़ेगी और पर्यटन गतिविधियों का विस्तार भी होगा। ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व के जंगलों में वन्यजीवों और पक्षियों की विविध प्रजातियां मौजूद हैं। उन्होंने धावड़ा, गौनीघाट, कोलूढाना, धावड़ाखार एवं आसपास के वन क्षेत्रों में लगभग 25 किलोमीटर तक सफारी के दौरान घोड़ीदेव व्यू पॉइंट सहित विभिन्न प्राकृतिक स्थलों का अवलोकन किया गया। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार इस क्षेत्र में पक्षियों की अनेक प्रजातियां पाई जाती हैं, जो पक्षी प्रेमियों और प्रकृति पर्यटन में रुचि रखने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने बडोरा मंडी से तितली चौराहे तक 6.91 करोड़ रुपये की लागत से 1.5 किमी सड़क का शिलान्यास करते हुए कहा कि बैतूल सिंचाई, सड़क, उद्योग और पर्यटन सहित हर क्षेत्र में अग्रणी बनेगा। उन्होंने आजीविका प्लाजा का लोकार्पण करते हुए कहा कि यह प्लाजा बैतूल शहर की नई पहचान के रूप में उभरेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के कौशल दीक्षांत समारोह में सहभागिता कर ‘शिल्प प्रशिक्षक प्रशिक्षण योजना एवं शिल्पकार प्रशिक्षण योजना’ के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
27 स्थानीय युवाओं को गाइड का प्रशिक्षण, जिप्सी से शुरू होगी सफारी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में पर्यटन गतिविधियों के संचालन के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की विशेष पहल की जा रही है। वन विभाग द्वारा आसपास के गांवों के 27 युवाओं को जंगल सफारी के लिए गाइड के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षित युवा पर्यटकों को जंगल की जैव विविधता, वन्यजीवों, पक्षियों और प्राकृतिक स्थलों की जानकारी देंगे। इससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर नियमित आय का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही युवाओं को जिप्सी संचालन एवं ड्राइविंग का प्रशिक्षण देकर सफारी गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सफारी का संचालन स्थानीय समिति के माध्यम से किया जाएगा, जिससे जिप्सी चालकों और समिति के सदस्यों को भी आर्थिक लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि मैं भी एक जिप्सी जंगल सफारी के लिए उपलब्ध कराऊंगा। जिप्सी खरीदने के इच्छुक स्थानीय लोगों को आर्थिक सहयोग एवं ऋण की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवार पर्यटन गतिविधियों से जुड़ सकें।
जनजातीय परिवारों के लिए विकसित होंगे होमस्टे
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पर्यटन के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए क्षेत्र के जनजातीय परिवारों को समूहों में संगठित कर सुरक्षित एवं सुविधायुक्त होमस्टे विकसित किए जाएंगे। बाहर से आने वाले पर्यटक स्थानीय परिवेश और जनजातीय जीवनशैली का अनुभव कर सकेंगे तथा ग्रामीण परिवारों को आवास एवं अन्य पर्यटन सुविधाओं के माध्यम से आय प्राप्त होगी। पर्यटन का लाभ सीधे स्थानीय लोगों तक पहुंचना चाहिए। ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में दो स्थानों पर बटरफ्लाई पार्क विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। लगभग दो से तीन एकड़ क्षेत्र में तितलियों के अनुकूल प्राकृतिक वातावरण तैयार करने की योजना है। इसके अलावा बोरनाला एवं गौनीघाट में डोम विकसित करने के प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। घास के मैदानों और विभिन्न व्यू पॉइंट्स को भी विकसित किया जाएगा, ताकि पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों को नजदीक से देख सकें। उन्होंने कहा कि पर्यटन के साथ अन्य क्षेत्रों में रोजकार के अवसर पैदा करने के लिए स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कराने की पहल की जा रही है। ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व बैतूल जिले के पर्यटन विकास को नई दिशा देगा।
मंडी में ट्रॉली से सीधे तुलाई और उसी दिन भुगतान व्यवस्था लागू हो
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने बडोरा से तितली चौराहे तक बनने वाली सड़क का शिलान्यास करते हुए कहा कि सड़क बनने के बाद मंडी क्षेत्र में जाम की समस्या से किसानों एवं आम नागरिकों को राहत मिलेगी। मंडी में आने-जाने वाले किसानों, व्यापारियों और मालवाहक वाहनों को शहर के भीतर से गुजरने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे बडोरा में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। किसानों के सहयोग से ही सड़क निर्माण का रास्ता प्रशस्त हुआ है। लगभग 40 फीट चौड़ी यह सड़क आगामी चार माह में तैयार करने का लक्ष्य है। इससे मंडी के आसपास ट्रकों की कतारों और यातायात के दबाव को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी तथा किसानों को अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचने में परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज का एक रुपये का भी नुकसान नहीं होना चाहिए। किसानों को उनकी उपज का भुगतान उसी दिन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बढ़ती कृषि उपज और सब्जी उत्पादन को देखते हुए मंडी के विस्तार की आवश्यकता है। इसके लिए लगभग 20 एकड़ अतिरिक्त जमीन तलाश की जा रही है। जमीन उपलब्ध होने पर गल्ला मंडी को शहर के बाहर स्थानांतरित करने अथवा पूरी मंडी को व्यवस्थित रूप से बाहर शिफ्ट करने पर निर्णय लिया जाएगा।
शिक्षा संजीवनी अभियान से स्कूलों में बदलेगी शिक्षा की तस्वीर
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने एकीकृत माध्यमिक शाला माकड़ा में शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत जनसहयोग और जिला प्रशासन के माध्यम से विद्यार्थियों को 402 डेस्क-बेंच वितरित करते हुए कहा कि शिक्षा संजीवनी अभियान से स्कूलों में शिक्षा की तस्वीर बदलेगी। शिक्षा संजीवनी अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से जिले के स्कूलों में शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार कर शिक्षा का स्तर बेहतर बनाना है। जिले में दो हजार से अधिक स्कूल हैं। ऐसे में प्रत्येक स्कूल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ समाज की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिले के शिक्षक भी अभियान में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। शिक्षकों ने अपने वेतन से लगभग 9 हजार डेस्क-बेंच स्कूलों को भेंट की हैं। यह शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने शिक्षकों के इस योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सांदीपनि विद्यालयों की तर्ज पर जिले के अन्य स्कूलों को भी बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं से विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आजीविका प्लाजा का लोकार्पण कर स्व-सहायता समूह की दीदियों से किया संवाद
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल में 4 करोड़ से अधिक की लागत से निर्मित आजीविका प्लाजा का लोकार्पण करते हुए हुए कहा कि यह प्लाजा आने वाले समय में बैतूल शहर की एक नई पहचान के रूप में उभरेगा। यह केवल दुकानों का परिसर नहीं, बल्कि जिले की महिलाओं, ग्रामीण परिवारों और जनजातीय समाज के हुनर, मेहनत और स्वावलंबन को नई पहचान देने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। हमारा प्रयास है कि बैतूल जिले के महिला स्व-सहायता समूहों और जनजातीय परिवारों द्वारा तैयार किए जाने वाले स्थानीय उत्पादों को एक व्यवस्थित बाजार उपलब्ध हो। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित ‘आजीविका दीदी कैफे‘ में पहुंचकर कैफे का संचालन कर रही महिलाओं के साथ चाय पर चर्चा कर व्यवसाय, कार्यप्रणाली, ग्राहकों की पसंद, उत्पादों की गुणवत्ता और व्यवसाय के विस्तार की संभावनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही व्यवसाय को और बेहतर बनाने, ग्राहकों को आकर्षित करने, गुणवत्ता एवं सेवाओं में निरंतर सुधार करने और कैफे की पहचान को व्यापक बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि स्व-सहायता समूह की बहनें केवल आजीविका के साधनों तक सीमित न रहें, बल्कि सफल उद्यमी बनकर अपनी अलग पहचान स्थापित करें। आजीविका प्लाजा में उन्हें दुकानें उपलब्ध कराकर उनके उत्पादों की ब्रांडिंग, मार्केटिंग और बिक्री के अवसर विकसित किए जाएंगे। इससे स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी और उत्पादक सीधे बाजार से जुड़ सकेंगे। इस दौरान विधायक श्री महेंद्र सिंह चौहान, डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला अध्यक्ष श्री सुधाकर पंवार एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।