भोपाल। नर्मदापुरम रोड पर स्थित बीआरटीएस कारिडोर के पाइंट पर एक तेज रफ्तार लाल बस में पैदल सड़क पार कर रहे युवक को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद घायल युवक को एम्स में भर्ती कराया गया था। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, छोला मंदिर इलाके में एक कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मिसरोद थाना के एएसआइ खेत सिंह के मुताबिक कि आधारशिला अवधपुरी निवासी योगेन्द्र सिंह (42) बीमा कंपनी में काम करते थे। उन्होंने नर्मदापुरम रोड पर स्थित एक कार सर्विस सेंटर पर अपनी कार सर्विसिंग के लिए छोड़ी थी। सोमवार शाम वह सर्विस सेंटर पर अपनी कार लेने पहुंचे थे। जहां पर कार की सर्विसिंग पूरी न होने के कारण शाम करीब पौने सात बजे वह वापस घर लौट रहे थे। जब वह घर जाने के लिए बस पकड़ने हेतु बीआरटीएस कारिडोर को पैदल पार कर रहे थे, तभी तभी एक तेज रफ्तार लाल बस ने उनको टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायल युवक को एम्स में भर्ती कराया गया था। जहां पर मंगलवार शाम उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने हादसे के बाद आरोपित बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर चोट पहुंचाने का केस दर्ज किया था। अब पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपित चालक के खिलाफ धारा बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
कार ने बाइक सवार की जान ली
इधर, छोला मंदिर थाना के एएसआइ अनिल तिवारी ने बताया कि ग्राम मालीखेड़ी भानपुर निवासी कमलेश चौधरी (28) भानपुर स्थित एक किराना दुकान पर काम करता था। रोजाना की तरह सोमवार रात वह दुकान से ड्यूटी खत्म होने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहा था। तभी रात करीब साढ़े दस बजे मालीखेड़ी जोड़ विदिशा रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।