शहर के प्रमुख दशहरा मैदानों में ये रहेगा विशेष
कोलार बंजारी दशहरा मैदान : कोलार हिंदू उत्सव समिति की ओर से प्रदेश का सबसे बड़ा रावण दहन होगा। यहां शाम सात बजे 105 फीट के रावण , 65 फीट के कुंभकर्ण और 61 फीट के मेघनाद के पुतलों को जलाया जाएगा। रावण दहन की विशेषता इस बार सराउंड साउंड सिस्टम रहेगा। इसमें रावण के डायलॉग्स और दहन के साउंड इफेक्ट्स सभी जगह समान रूप से पहुंच सकेंगे।
टीटी नगर दशहरा मैदान- टीटी नगर दशहरा मैदान पर शाम 07: 55 फीट का रावण दहन किया जाएगा। इसके साथ ही 45 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और 40 फीट के मेघनाथ का पुतला जलाया जाएगा। कार्यक्रम में साहित्यकार और कलाकारों का भी सम्मान किया जाएगा।
भेल दशहरा मैदान : भेल दशहरा मैदान में भी शाम सात बजे बुराई के प्रतीक रावण का दहन किया जाएगा। इस वर्ष 53 फीट ऊंचे रावण और 50-50 फीट के मेघनाथ और कुंभकर्ण का भी दहन किया जाएगा। इस आयोजन में आतिशबाजी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी।
बिट्टन मार्केट : शाम सात बजे 55 फीट ऊंचे रावण को जलाया जाएगा। साथ ही 50 फीट का कुंभकर्ण और 50 फीट का मेघनाथ का पुतला भी जलाया जाएगा। इस बार यहां हाईटेक रावण तैयार किया गया है, जिसे रिमोट से संचालन किया जाएगा और दहन के दौरान रावण की आंखों से अंगारे निकलते हुए दिखेंगे।
छोला दशहरा मैदान : छोला दशहरा मैदान में इस बार 51 फीट के रावण का दहन शाम सात बजे किया जाएगा। श्री हिन्दू उत्सव समिति द्वारा में यह 132वां दशहरा पर्व भव्य रूप से मनाया जा रहा है। यहां दोपहर में बांके बिहारी मंदिर मारवाड़ी रोड से आकर्षक दशहरा चल समारोह निकाला जाएगा।
बिके हैं 20 हजार रुपये तक के रावण
भोपाल में इस बार बड़े दशहरा मैदानों के साथ ही कालोनियों में भी रावण दहन की तैयारी पूरी है। शहर में चार फीट से 105 फीट तक के करीब चार हजार रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। शहर के बांसखेड़ी, आनंद नगर, लिंक रोड क्रमांक-दो सहित इस बार रावण, कुंभकर्ण, मेघनाथ के पुतलों की दुकानें सजी हुई हैं। पुतलों की कीमतें 200 रुपए से लेकर 20 हजार रुपए तक है।