
भोपाल। राजधानी में बिशनखेड़ी स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) के नए परिसर में पहली बार दीक्षा समारोह का आयोजन शुक्रवार को किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शामिल हैं। सुबह करीब 11 बजे उपराष्ट्रपति एमसीयू पहुंचे और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ल, सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर और संस्थान के कुलपति केजी सुरेश भी उपस्थित रहेंगे। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ संस्थान के विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान करेंगे। इस कार्यक्रम के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। विद्यार्थी पारंपरिक भारतीय परिधान में नजर आ रहे हैं। पुरुष विद्यार्थी जहां कुर्ता-पायजामा और सिर पर साफा पहने हैं। वहीं महिला विद्यार्थी साड़ी और साफे में नजर आ रही हैं। समारोह में धारण किए जाने वाले अंग वस्त्र केरल से मंगाए गए हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को दीक्षा दी गई। इसमें विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई कि आपको गौरव मिले, जिनसे आपकी विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़े और समस्त मानवता का कल्याण हो। देश के प्रति आपका नैतिक दायित्व है। राष्ट्र के सुख दुख को अपना सुख-दुख समझें अपने चरित्र और बुद्धि के विकास से राष्ट्र को समृद्ध और सुखी बनाएं कि आपकी शिक्षा आपको तेज प्रदान करें और शुभ प्रेरणाय जीवन के विकट संघर्षों में भी आपकी मानवता और विश्वास अटल रहे।
इसके उपरांत समारोह में विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान करने का सिलसिला शुरू हुआ। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पीएचडी स्कालर आलोक कुमार पांडे, दिनेश कुमार राय, निधि जैन, स्निग्धा वर्धन आदि उपाधि प्रदान की गई। छात्रा बागेश्वरी नंदिनी को स्वर्गीय डाक्टर अनिल चौबे स्मृति मेडल से सम्मानित किया गया। अंजली कुमारी को रामेश्वर तिवारी मेडल से सम्मानित किया गया। उपराष्ट्रपति द्वारा 18 पीएचडी स्कालर समेत कुल 21 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई। तीन विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। समारोह के दौरान स्नातकोत्तर व पीएचडी के कुल 443 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी।
दीक्षा कार्यक्रम से पहले एमसीयू परिसर में पहुंचकर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने संस्थान के नवीन परिसर माखनपुरम का लोकार्पण किया। बिशनखेड़ी के पास 50 एकड़ में विश्वविद्यालय का माखनपुरम परिसर बसा हुआ है, जिसमें दो अकादमिक भवन तक्षशिला एवं विक्रमशिला हैं। विश्वविद्यालय के चार-चार मंजिला भव्य इन दो ब्लाक में कुल 10 विभाग संचालित होते हैं। इस साल विश्वविद्यालय द्वारा सिनेमा अध्ययन विभाग शुरू किया गया है। यहां भारतीय भाषा विभाग की भी स्थापना की गई है।