
भोपाल । भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल 14 सितंबर को ग्वालियर में 12 बजे पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। फिर करैरा से जन आशीर्वाद यात्रा में सम्मिलित होंगे। इसी दिन केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह सुबह साढ़े दस बजे इंदौर में पत्रकार वार्ता करने के बाद धार जिले के कुक्षी से जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होंगे।
जन आशीर्वाद यात्रा में मप्र चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, उत्तर प्रदेश की मंत्री बेबी रानी मौर्य, पूनम महाजन और मप्र के गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा, मंत्री तुलसी सिलावट विभिन्न स्थानों पर सम्मिलित होंगे।
जन आशीर्वाद यात्रा के संयोजक मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक जन आशीर्वाद यात्राएं चार हजार 848 किलोमीटर की दूरी तय कर चुकी हैं। यात्राएं 31 जिलों और 19 लोकसभा क्षेत्रों तथा 115 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंच कर 17 लाख लोगों से संपर्क कर चुकी हैं।
जन आक्रोश यात्रा की तैयारी को लेकर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सभी जिला अध्यक्ष, प्रभारी और संगठन मंत्रियों की बैठक बुलाई है। इसमें पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। प्रत्येक यात्रा प्रभारी के साथ उस क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं को सह यात्रा प्रभारी बनाया गया है। ये अपने-अपने जिलों में यात्रा के समय उपस्थित रहेंगे।