
भोपाल। मानसून की वापसी के बाद उत्तर भारत में आए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मप्र में मौसम एक बार फिर बदलने लगा है। रविवार को राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में आंशिक बादल छाए रहे। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। वहीं छिंदवाड़ा जिले में 2 मिलीमीटर तक वर्षा दर्ज हुई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी प्रदेश के जिलों में माध्यम से लेकर तेज वर्षा तक अनुमान जताया है। सोमवार को प्रदेश में रतलाम, आगर, मंदसौर, नीमच, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर समेत आठ जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव सोमवार और मंगलवार को भी देखने को मिल सकता है। इस दौरान कहीं वर्षा हो सकती है तो कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का भी अनुमान है।