भोपाल। पुराने शहर के हनुमानगंज थाना क्षेत्र स्थित कबाड़खाना में बुधवार रात एक बदमाश अपने साथी के साथ मिलकर पड़ोसी युवक के साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर बदमाश ने युवक को गोली मार दी। घायल युवक को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
हनुमानगंज थाना पुलिस के मुताबिक फातिमा नगर, न्यू कबाड़खाना निवासी 29 वर्षीय मोहम्मद खालिद कबाड़खाना में अपने पिता के साथ गैस चूल्हा सुधारने का काम करता है। बुधवार रात करीब 12 बजे वह खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से बाहर निकला था। घर से कुछ दूर मोहल्ले की राज किराना स्टोर के सामने उसे जेब उर्फ जैद और उसका एक साथी खड़ा हुआ मिला। खालिद से आमना-सामना होने पर जैद व उसके साथी ने उसके साथ किसी बात को लेकर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। खालिद ने जब इसका विरोध किया तो जैद ने अपने पास रखी पिस्टल निकाली और उस पर फायर कर दिया। गोली खालिद के पेट में लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात के समय खालिद का बड़ा भाई मोहम्मद तारिक कुछ दूरी पर खड़ा था। उसने बदमाशों को ललकारा तो वे वहां से भाग खड़े हुए। स्वजन तुरंत खालिद को लेकर हमीदिया अस्पताल पहुंचे और उपचार के लिए भर्ती कराया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस वहां पहुंची और घायल युवक के बयान के आधार पर आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया।