भोपाल। मध्य प्रदेश में फार्मेसी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विद्यार्थी 26 दिसंबर से पंजीयन करा सकेंगे। तकनीकी शिक्षा विभाग (डीटीई) ने एक बार फिर काउंसलिंग की तैयारी शुरू की है। इसमें 26 से 30 दिसंबर की समय सारिणी बनाई है। यह सोमवार को डीटीई की वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी। इसके तहत बी.फार्मा, डी.फार्मा और एम.फार्मा में खाली सीटों पर प्रवेश मिलेगा।
डीटीई ने फार्मेसी पाठ्यक्रम संचालित करने वाले उन कालेजों को अधिसूचना जारी कर दी है जो सत्र 2023-24 में संचालित काउंसलिंग में शामिल नहीं हो सके थे। कालेजों से कहा गया है कि वे काउंसलिंग में शामिल हो सकते हैं। बता दें, प्रदेश में फार्मेसी के कई कालेज प्रोफाइल अपडेट की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाने के कारण इस बार काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके थे। वहीं सितंबर के बाद फार्मेसी कालेजों में प्रवेश बंद कर दिए गए थे। इस कारण अब इन कालेजों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कालेज 28 तक कर सकते हैं प्रोफाइल अपडेट
फार्मेसी काउंसिल आफ इंडिया द्वारा अक्टूबर तक कालेजों को मंजूरी दी गई थी। 30 नवंबर तक कोर्ट में अपील की प्रक्रिया चली। वहीं सुप्रीम कोर्ट ने 30 दिसंबर तक प्रवेश देने की छूट दी थी। अब अपील की प्रक्रिया खत्म होते ही डीटीई ने प्रदेश के कालेजों में प्रवेश के लिए प्रारंभिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कालेजों को प्रोफाइल अपडेट करने के लिए 28 दिसंबर तक का समय दिया गया है।
इनका कहना है
फार्मेसी पाठ्यक्रमों में सितंबर के बाद प्रवेश बंद कर दिए गए थे। फिर से उन्हें दिसंबर तक समय दिया गया है। सोमवार को वेबसाइट पर समय सारिणी जारी होगी।
- मनोज सिंह, प्रवेश प्रभारी, डीटीई