माह का प्रादर्श - मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में नवंबर माह के प्रादर्श के रूप में इंडोनेशिया में छाया रंगमंच के सबसे पुराने और लोकप्रिय कला वेयांग कुलित : रामा व लक्ष्मण को शामिल किया है, जिसे वर्ष 1998 में संकलित किया गया था। इस प्रादर्श का संयोजन संग्रहालय एसोसिएट डा. पी. अनुराधा ने किया है। इस प्रदर्शनी को सुबह 11 बजे से देखा जा सकता है।
चित्र प्रदर्शनी - मप्र जनजातीय संग्रहालय में प्रदेश के आदिवासी समुदाय के चित्रकारों की चित्र प्रदर्शनी हर माह लिखंदरा दीर्घा में लगती है। किसी एक जनजातीय चित्रकार की प्रदर्शनी सह विक्रय का संयोजन शलाका नाम से किया जाता है। इसी क्रम में इस माह भील समुदाय के चित्रकार दिलीप गणावा के चित्रों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। 43वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी 30 नवंबर तक जारी रहेगी।
पाटर्स मार्केट - गौहर महल में 11वें पाटर्स मार्केट का आयोजन 23 से 26 नबंवर तक किया जा रहा है। सुबह 11 बते से रात आठ बजे तक चलने वाले पाटर्स मार्केट में मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, नागपुर, हैदराबाद व चेन्नई आदि शहरों के आर्टिस्ट आए हैं।
मैजिक महेश्वर उत्सव - मप्र हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम की ओर से मृगनयनी कबीरा एम्पोरियम, जवाहर चौक में मैजिक महेश्वर प्रदर्शनी उत्सव का आयोजन 24 नवंबर से तीन दिसंबर तक किया जा रहा है। प्रदर्शनी में साड़ियों पर जाला हंसा बार्डर में नर्मदा के घाट के डिजाइन बुनाई के माध्यम से दर्शाए गए हैं, वहीं महेश्वर के बुनकर चंद्रकला डिजाइन की साड़ियां लेकर आए हैं।
करुणेश नाट्य समारोह - शहीद भवन में द राइजिंग सोसायटी आफ आर्ट एंड कल्चर द्वारा 10वें करुणेश नाट्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। तीनदिवसीय इस नाट्य समारोह में दूसरे दिन आज शाम सात बजे से नाटक 'पड़ोसी' का मंचन किया जाएगा। द राइजिंग सोसायटी, भोपाल की इस प्रस्तुति का निर्देशन तानाजी ने किया है। इसके अलावा नाटक 'शटल' की भी प्रस्तुति दी जाएगी। दर्शकों के लिए प्रवेश शुल्क 50 रुपये है।