भोपाल। राजधानी के सूखी सेवनिया इलाके के ग्राम देवलखेड़ी में रहने वाली 16 वर्षीय एक स्कूली छात्रा ने घर में फांसी लगा ली। घटना के वक्त घर में कोई नहीं थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस को मृतका के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इस वजह से फिलहाल खुदकुशी की वजह पता नहीं चल सकी है। पुलिस मृतका के स्वजन और पड़ोसियों से मामले में पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि छात्रा को पेट दर्द की शिकायत रहती थी। घरवाले एलोपैथिक इलाज के साथ ही उसकी देसी उपचार भी करवा रहे थे।
घटना के वक्त घर में अकेली थी छात्रा
सूखी सेवनिया पुलिस के मुताबिक वंशिका (16) पुत्री राजेश मीना ग्राम देवलखेड़ी में परिवार के साथ रहती थी और नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। शनिवार को राजेश अपने खेत पर थे, जबकि पत्नी पड़ोस के गांव में रहने वाले रिश्तेदार के यहां गई थी। शाम करीब चार बजे परिजन घर लौटे तो वंशिका फांसी के फंदे पर लटकी मिली। उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद छात्रा का शव स्वजनों को सौंप दिया गया है।