
भोपाल । राजधानी सहित प्रदेशभर के तहसीलदार, नायब तहसीलदार सोमवार से हड़ताल पर नहीं जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से रविवार रात मिले आश्वासन के बाद उन्होंने हड़ताल स्थगित कर दी है। अब 11 सितंबर को तहसीलदार और नायब तहसीलदारों का सम्मेलन बुलाया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री इनकी मांगों को पूरी करने की घोषणाएं करेंगे।
मुख्यमंत्री से आधा घंटे की मुलाकात
मप्र राजस्व अधिकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष गुलाब सिंह बघेल ने बताया कि हम सोमवार से हड़ताल पर जाने वाले थे, लेकिन रविवार रात मुख्यमंत्री से आधा घंटे की मुलाकात हुई। हमने उन्हें अपनी लंबित मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा और इसके निराकरण की मांग भी की। इधर, लंबित मांगों को लेकर बीते पांच दिन से हड़ताल कर रहे पटवारी अब धरना देने के साथ ही अनूठा प्रदर्शन करने जा रहे हैं। वे सोमवार को गुफा मंदिर पहुंचकर सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए भगवान भोलेनाथ को ज्ञापन सौंपेंगे।