भोपाल। पुराने शहर में हमीदिया अस्पताल के सामने बुधवार सुबह बस स्टाप पर खड़ी एक लो फ्लोर बस (लाल बस) के कंडक्टर से एक बदमाश ने रुपये लूट लिए। वारदात के बाद वह दौड़ लगाकर भाग निकला। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व से भी कुछ अपराध दर्ज हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
कांग्रेस नगर का रहने वाला है आरोपित
कोहेफिजा थाना पुलिस के मुताबिक बाणगंगा निवासी 25 वर्षीय भागीरथ सेन बीसीएलएल की लो-फ्लोर बस में कंडक्टर है। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे चिरायु अस्पताल से चलकर उसकी बस हमीदिया अस्पताल के सामने बने स्टाप पर पहुंची थी। भागीरथ बस के गेट पर बैग टांगे खड़ा था। जब बस चलने लगी, तभी वहां खड़ा एक युवक भागीरथ के हाथ से बैग झपटकर पैदल इज्तिमा बाजार की तरफ भाग निकला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके में दबिश दी और आरोपित जुबैर को गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस नगर में रहने वाले जुबैर के खिलाफ मारपीट के अपराध दर्ज हैं।