भोपाल। राजधानी के बिलखिरिया इलाके में कोकता के मरघट के पास सोमवार शाम को एक बुजुर्ग व्यक्ति संदिग्ध हालत में आज से झुलस गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुजुर्ग के बयानों के आधार पर पुलिस ने उसके छोटे भाई, भतीजे और बहू के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पैसों को लेकर चल रहा विवाद
पुलिस के मुताबिक हरिकिशन अहिरवार (60) कोलार रोड पर रहते हैं और प्रायवेट काम करते हैं। उनका छोटा भाई मोहनदास अहिरवार कोकता नंबर एक, मरघट के पास बिलखिरिया में रहता है और मजदूरी करता है। दोनों भाइयों के बीच पैसों को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। सोमवार की शाम करीब सात बजे हरिकिशन छोटे भाई के पास पहुंचा था, तभी वह संदिग्ध रूप से आग से झुलस गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बयान के आधार पर की कार्रवाई
तहसीलदार को दिये मरणासन्न बयान में हरिकिशन ने छोटे भाई मोहनदास, बहू शीलाबाई और भतीजे आजाद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात कही, जिसके आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि गिरफ्त में आने के बाद आरोपितों का कहना था कि उन्होंने घटना को अंजाम नहीं दिया है।