भोपाल। संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) के बरसों पुरानें बस स्टैंड का अस्तित्व नगर निगम ने खुद ही खत्म कर दिया है। नगर निगम ने यहां पर दुकानों का निर्माण तो कर दिया, लेकिन योजना के बावजूद पार्किंग स्थल विकसित नहीं किया। अब खाली जगह पर मैकेनिक और आटो पाटर्स वालों का कब्जा होता जा रहा है।
दुकानें बनीं, लेकिन पार्किंग नहीं
भोपाल से इंदौर एवं बैरागढ़ से राजधानी के विभिन्न इलाकों की और जाने वाली सड़क परिवहन निगम की बसें किसी समय इसी बस स्टैंड पर रुकती थीं। बुकिंग कार्यालय का निर्माण भी किया गया था। लेकिन निगम का अस्तित्व समाप्त होने के बाद बुकिंग कार्यालय सहित खाली जमीन का अधिग्रहण कर लिया। निगम ने यहां दुकानों का निर्माण कर उसे प्रीमियम लेकर किराये पर दे दिया है। दुकानों का निर्माण होने के साथ ही बस स्टैंड का अस्तित्व समाप्त हो गया है। जब दुकानों का निर्माण हुआ था, तब दुकानों के सामने वाहन पार्किंग के लिए काफी जगह खाली थी। समय के साथ इस पर कब्जा होता चला गया। अब पार्किंग के लिए लोग परेशान हो रहे हैं।
अवैध कब्जा हटने से मिलेगी राहत
यहां अधिकांश थोक एवं फुटकर दुकानें हैं। रविवार एवं सार्वजनिक अवकाश के दिनों में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने बाजार पहुंचते हैं। ग्राहकों को निजी वाहन खड़े करने की जगह आसानी से नहीं मिल पाती। यदि अवैध कब्जा हटा दिया जाए तो पार्किंग की जगह निकल सकती है। कपड़ा व्यापारी कई बार अवैध कब्जा हटाने की मांग कर चुके हैं। हाल ही में कपड़ा व्यापारी संघ के प्रयास से पुलिस ने अवैध कब्जा हटाया था, लेकिन मैकेनिकों ने फिर से कब्जा कर लिया है। जैन धर्मशाला के पास भी मैकेनिकों एवं सर्विस सेंटर वालों ने कब्जा करना शुरू कर दिया है। अवैध कब्जे से क्षेत्र के व्यापारी परेशान हैं। कपड़ा संघ ने यहां कब्जा हटाकर पार्किंग स्थल बनाने का सुझाव दिया है।