बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव इन दिनों अपनी फिल्मों से अधिक चेक-बाउंस मामले को लेकर चर्चा में हैं। एक तरफ जहां उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद किया है कि उन्हें अदालत ने 14 साल बाद उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका दिया, वहीं नए सिरे से ₹22 करोड़ के दावे पर सवाल उठाया है। इन सब के बीच 55 साल के राजपाल ने सोशल मीडिया पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट लिखकर अपनी पत्नी राधा का शुक्रिया अदा किया है। पत्नी को 'परिवार का हीरा' बताते हुए 'भूल भुलैया' एक्टर ने कहा है कि ग्रह-नक्षत्रों के शुक्रगुजार हैं कि उनकी जिंदगी में राधा जैसा कोई आया, जिसने मुश्किल से मुश्किल वक्त में भी साथ नहीं छोड़ा।शनिवार को मौका राधा के जन्मदिन का था। राजपाल यादव ने पत्नी संग बेहद प्यारी तस्वीर शेयर कर उन्हें बधाई दी। साथ ही खुलासा किया कि उनके साथ इतना कुछ सहने के बाद भी राधा ने उनका साथ नहीं छोड़ा। चट्टान की तरह मजबूती से उनके साथ खड़ी रहीं। राजपाल यादव का चेक बाउंस केस मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले को मध्यस्थता के लिए भेज दिया है और उचित शर्तों के साथ अब राजपाल यादव को पासपोर्ट जारी करने का निर्देश भी दिया है।राजपाल यादव ने लिखा- मेरी जिंदगी में तुम्हारा सबसे बड़ा कर्ज
राजपाल यादव ने इंस्टाग्राम पर पत्नी के लिए पोस्ट में लिखा, 'माता-पिता, गुरु (दद्दा), मेरे अंदर के मनोरंजन कुमार (एमआरके) और परम पिता परमेश्वर, परमात्मा रूपी ब्रह्मांड के बाद, अगर मेरी जिंदगी में किसी का सबसे बड़ा कर्ज है, तो वह है मेरी प्रिय राधा का। इस कर्ज को मैं हृदय से, खुशी-खुशी हमेशा के लिए स्वीकार करें करता हूं और इस बात पर गर्व भी महसूस करता हूं कि तुम मेरी जिंदगी में आई। जिंदगी की आपाधापी के हर मोड़ पर, हर मुश्किल घड़ी में, बिना आपा खोए, तुमने मेरा साथ कभी नहीं छोड़ा।''मेरे साथ इतना सब कुछ सहने के बाद भी...'
राजपाल यादव ने आगे लिखा है, 'मेरे साथ इतना सब कुछ सहने के बाद भी, तुमने मेरे परिवार के बच्चों को अच्छे से पढ़ा-लिखाया और उन्हें जिंदगी की सीख दी। ये सपना मेरा था, लेकिन इसने पूरा तुमने किया। आज तक तुमने मुझसे अपने लिए कुछ भी नहीं मांगा, बल्कि अपना सब कुछ मेरे और मेरे परिवार की खुशियों के लिए न्योछावर कर दिया।राजपाल बोले- मेरी जान राधा, तुम हीरा हो!
पोस्ट के आखिर में राधा की तारीफ करते हुए राजपाल यादव ने लिखा है, 'सच में, तुम हमारे परिवार में एक हीरा हो। इन सब के लिए मैं जीवनभर तुम्हारा आभारी था, आभारी हूं और हमेशा आभारी रहूंगा। मेरी स्वीटहार्ट तुम्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं! तुम्हें हमेशा प्यार करता रहूंगा, मेरी जान राधा!'राजपाल यादव की दूसरी पत्नी हैं राधा यादव
राजपाल यादव की यह दूसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी करुणा का दुर्भाग्यवश बच्चे को जन्म देने के कुछ समय बाद ही निधन हो गया था। पहली पत्नी से उनकी एक बेटी है, जिसका नाम ज्योति है। बाद में उन्होंने 2003 में राधा से शादी की, जिनसे उनकी दो बेटियां हैं - हर्षिता और रेहांशी।राजपाल यादव ने चेक बाउंस केस में SC का किया धन्यवाद
इस बीच, न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए राजपाल यादव ने सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद किया कि उन्होंने उनका पक्ष सुना। उन्होंने यह भी कहा कि वह कोर्ट के आदेशों का पालन करेंगे। एक्टर ने कहा, 'सबसे पहले मैं माननीय सुप्रीम कोर्ट का तहे दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे 14 साल में पहली बार अपना पक्ष रखने का मौका दिया। सुप्रीम कोर्ट जो भी आदेश देगा, मैं हर हाल में उसका पालन करूंगा।'कोर्ट में ड्रामा नहीं चलता'
साल 1999 में फिल्म 'दिल क्या करे' में एक वॉचमैन की छोटी सी भूमिका से बॉलीवुड डेब्यू करने वाले राजपाल यादव को बीते दिनों कोर्ट से कई बार फटकार मिली है। एक्टर ने कहा, 'कोर्ट में ड्रामा नहीं चलता। मैं 42 साल से एक्टिंग कर रहा हूं, तो मुझे इस चीज की अच्छी-खासी आदत है! जो कोई भी ड्रामा कर रहा है, उसका पर्दाफाश होना चाहिए।राजपाल यादव ने ₹22 करोड़ कर्ज पर उठाए सवाल
राजपाल यादव ने आगे कर्ज की रकम को लेकर भी सवाल उठाए। कहा, 'अगर यह ₹5 करोड़ रुपये का मामला होता, तो इसे सुलझाया जा सकता था। लेकिन यह मामला ₹22 करोड़ का है। मेरे ₹22 करोड़ डूबने के बाद मुझ पर ही आरोप लगाए जा रहे हैं... मैं जनता का कलाकार हूं, मैं लोगों के बीच जाता हूं।' राजपाल यादव ने सवाल उठाया कि क्या 2010 में 'M/s मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड' के पास लोन देने का अधिकार था। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या वह कंपनी एक नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) थी। उन्होंने पूछा, 'क्या भारत में कोई ऐसा कानून है जिसके तहत कोई बैंक 12-15 प्रतिशत ब्याज पर लोन दे, जबकि यहां ब्याज दर 4 से 5 गुना ज्यादा है?'