
भोपाल। राजधानी की प्रतिभाशाली महिला क्रिकेट सौम्या तिवारी के शानदार दोहरे प्रदर्शन के दम पर बीसीसीआई द्वारा आयोजित महिला-23 टूर्नामेंट में मप्र ने मेघालय पर 199 रनों से पराजित किया।
नागपुर में खेले गए मुकाबले में मध्य प्रदेश में मेघालय को 199 रन से हराया है। मध्य प्रदेश ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में एक विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कनिष्का ठाकुर 28 रन बनाकर आउट हो गई। इसके बाद मप्र की कप्तान सौम्या तिवारी ने नाबाद 63 रन की पारी खेली। अनुष्का शर्मा ने 111 रन की शतकीय पारी खेली। सौम्या ने बल्ले के बाद गेंद से कमाल दिखाते हुए चार ओवर में चार रन देकर चार विकेट लेकर दोहरा प्रदर्शन किया। संस्कृति गुप्ता ने दो, अनुष्का शर्मा और धानी बूचड़े ने एक-एक विकेट लिया। मेघालय की टीम नौ विकेट पर 23 रन ही बना सकी।
सौम्या सीनियर टीम में जगह बनाने के लिए कदम आगे बढ़ाए
पिछले छह सालों से अपने बल्ले और गेंद से गजब का प्रदर्शन कर रही सौम्या तिवारी मप्र की सीनियर टीम की सदस्य और अंडर 23 टीम की कप्तान है। इसके अलावा भारत की अंडर 19 वर्ल्ड कप विजेता टीम की सदस्य के साथ ही चैलेंजर ट्राफी में भी अपना लोहा बनवा चुकी है। सौम्या ने अपने प्रदर्शन में निरंतरता बरकरार रखते हुए भारतीय सीनियर टीम में प्रवेश के लिए तेजी से कदम आगे बढ़ा रही है। सौम्या भोपाल में अरेरा अकादमी में कोच सुरेश चेनानी के मार्गदर्शन में अपने क्रिकेट करियर को पंख लगा रही है। 2023 में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित करने वाली सौम्या 2024 में भारतीय सीनियर टीम के साथ खेलना चाहती है।