भोपाल। पुराने शहर के बुधवारा क्षेत्र में रविवार सुबह तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक टेंट व्यापारी को गोली मार थी। साथ ही तलवार, डंडे से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। व्यापारी का दुकान को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। व्यापारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर पांच दिन पहले इसी क्षेत्र में युवक पर अड़ीबाजी करने वाले तीन बदमाशों के खिलाफ मारपीट, अड़ीबाजी का केस दर्ज किया है। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश कर रही है।
तलवार-डंडे से भी किया वार
तलैया थाना पुलिस के मुताबिक बुधवारा में चाल बत्ती चौराहा के पास रहने वाले नवाज रियाज का बुधवारा में ताज टेंट हाउस के नाम से कारोबार है। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह दुकान खोलने पहुंचे थे। इस दौरान मुंह पर कपड़ा लपेटे हुए तीन बदमाश वहां पहुंचे। गाली-गलौज करते हुए उनमें से एक ने कट्टे से नवाज पर फायर कर दिया। गोली नवाज के दाएं हाथ में लगी। अन्य दो ने नवाज पर तलवार और डंडे से वार कर दिए। व्यापारी को घायल करने के बाद बदमाश भाग निकले। उनके खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। नवाज का दुकान को खाली करने को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा है।
युवक से तीन बदमाशों ने की अड़ीबाजी
उधर, बुधवारा निवासी जुबैर ने रविवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसमें बताया कि 29 नवंबर की शाम पौने छह बजे वह बुधवारा में खड़ा था,तभी क्षेत्र का बदमाश आरिफ उर्फ बर्फ अपने साथियों सोहिब और अबूजर के साथ उसके पास आया और रुपयों की मांग करते हुए मारपीट की। साथ ही रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।