
भोपाल । ईंटखेड़ी स्थित घासीपुरा में चल रहे चार दिनी विशाल धार्मिक समागम इज्तिमा का सोमवार को सामूहिक दुआ के साथ समापन होगा। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर लगभग आठ लाख लोगों के मौजूद रहने का अनुमान है। ट्रैफिक थाना पुलिस के मुताबिक पुराना शहर से इज्तिमा स्थल की ओर आवागमन करने वाले मार्गों जैसे- मुबारकपुर से पटेल नगर नया बायपास, गांधीनगर से अयोध्या नगर बायपास, रत्नागिरी, लाम्बाखेड़ा से करोंद भोपाल टाकीज, पीरगेट, मोती मस्जिद, रायल मार्केट, लालघाटी चौराहा, नादरा बस स्टैंड भोपाल मुख्य रेल्वे स्टेशन, अल्पना तिराहा, भारत टाकीज, बोगदा पुल आदि क्षेत्रों में भारी संख्या में जनसमुदाय एवं वाहनों के सड़कों पर होने से अत्यधिक यातायात दबाव रहेगा। इस वजह से आम जन परेशानी से बचने के लिए पुराने शहर व इज्तिमा स्थल की ओर आने-जाने हेतु अन्य वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
राजा भोज एयरपोर्ट भोपाल/मुख्य रेल्वे स्टेशन भोपाल आवागमन
:- भोपाल शहर से एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वाहन भदभदा चौराहा, नीलबड़, रातीबड़, झागरिया रोड से खजूरी बाायपास, मुबारकपुर बायपास होकर एयरपोर्ट की ओर आवागमन कर सकेंगे।
:- भोपाल शहर से मुख्य रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले वाहन रोशनपुरा, लिंक रोड नंबर-दो, बोर्ड आफिस, चेतक ब्रिज से प्रभात चैराहा, 80 फीट रोड होकर प्लेट फार्म क्रंमाक-एक की ओर आवागमन कर सकेंगे।
भोपाल शहर मे आने वाली यात्री बसों का डायवर्सन
- सागर, छतरपुर, दमोह, रायसेन, होशंगाबाद, जबलपुर, छिंदवाडा, बैतूल की ओर से आने वाली बसें 11 मील, मिसरोद, आरआरएल तिराहा, हबीबगंज नाका, सांची दुग्ध संघ होते हुए आइएसबीटी की ओर आवागमन कर सकेंगे। आइएसबीटी से आगे यात्री बसों का नादरा बस स्टैंड की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- इंदौर से भोपाल की ओर आने वाली बसें हलालपुर बस स्टैंड का उपयोग कर सकेंगी। इंदौर- उज्जैन की ओर से आने वाली यात्री बसें खजूरी बायपास, बैरागढ़ से हलालपुर बस स्टैंड पर अपनी यात्रा समाप्त करेंगी। हलालपुर बस स्टैंड से आगे लालघाटी की ओर उनका प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- गुना, राजगढ़, ब्यावरा की ओर से आने वाली यात्री बसें श्यामपुर, परवलिया होते हुए मुबारकपुर बायपास से खजूरी सड़क, बैरागढ़ होकर हलालपुर बस स्टैंड की ओर आवागमन कर सकेंगी। इन बसों का प्रवेश हलालपुर बस स्टैंड से लालघाटी की ओर प्रतिबंधित रहेगा।
- विदिशा की ओर से आने वाली यात्री बसें सूखी सेवानिया, चौपड़ा बायपास, से भानपुर चौराहा भानपुर रोटरी पर समाप्त होंगी।
- बैरसिया की ओर से आने वाली यात्री बसें गोलखेड़ी से तारासेवनिया, परवलिया रोड, मुबारकपुर बायपास, खजूरी बायपास से बैरागढ़ हलालपुर बस स्टैंड पर समाप्त होंगी।
भारी एवं अन्य वाहनों के लिए डायवर्सन व्यवस्था
- रविवार को रात नौ बजे से भोपाल के सीमावर्ती जिलों से भोपाल शहर में सभी प्रकार के भारी माल वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। ऐसे समस्त भारी वाहन सोमवार को इन वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर सकेंगे।
- इंदौर, सीहोर की ओर से भोपाल की ओर आने वाले भारी माल वाहक ट्रक, ट्राला कंटेनर, आदि वाहन भोपाल की ओर प्रवेश नही पा सकेंगे। इन्हे भोपाल-सीहोर जिले की सीमा के पास इज्तिमा की समाप्ति तक रोका जावेगा या सीहोर पुलिस द्वारा उनके द्वारा नियत सड़क मार्ग से इछावर, बुधनी के रास्ते डायवर्ट किया जायेगा।
- गुना, व्यावरा (राजगढ़) की ओर से भोपाल की आने वाले वाहन भोपाल में प्रवेश नही कर सकेंगे। इन्हें ब्यावरा पर रोका जावेगा या कुरावर, श्यामपुर, सीहोर के रास्ते परिवर्तित मार्ग पर भेजा जावेगा।
- रायसेन, सलामतपुर एवं मण्डीदीप से आने वाले भारी वाहनों को भी मण्डीदीप, बिलखिरिया-रायसेन सीमा पर रोका जावेगा इन्हे कार्यक्रम समाप्ति के पश्चात ही भोपाल की सीमा में प्रवेश दिया जावेगा।
- विदिशा जिले से बैरसिया के रास्ते भी भारी मालयान वाहनों का भोपाल सीमा में प्रवेश नहीं होगा।
- इन्दौर की ओर से आने वाले हलके वाहन जो होशंगाबाद जाना चाहते हैं वे सीहोर से झागरिया, बड़झिरी, रातीबड़, भदभदा, डिपो चौराहा, माता मंदिर, लिंक रोड नंबर-दो, बीजेपी कार्यालय, मानसरोवर होते हुये मिसरोद रोड की ओर जा सकेंगे।
- बैरसिया से भोपाल की ओर आने वाले आम यात्री वाहन गोलखेड़ी, राताताल, तारासेवनिया, परवलिया होकर भोपाल की ओर प्रवेश कर सकेंगे।
- कार्यक्रम के दौरान मुबारकपुर से पटेल नगर नया बायपास, गांधीनगर से अयोध्या नगर, रत्नागिरी, लाम्बाखेड़ा से करोंद भोपाल टाकीज रेलवे स्टेशन आदि क्षेत्रों में भारी संख्या में जनसमुदाय के सड़कों पर रहने के दौरान इन स्थानों पर आने वाले यातायात को आवश्यकतानुसार परिवर्तित मार्ग पर चलाया जावेगा।
इज्तिमा में शामिल होने वाले वाहनों के लिए मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था
- विदिशा की ओर से आने वाले वाहन लाम्बाखेड़ा बायपास चौराहा होकर निर्धारित इज्तिमा पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर सकेंगे।
- सीहोर, राजगढ़, की ओर से आने वाले वाहन मुबारकपुर चौराहा से मीना चौराहा बायपास होकर निर्धारित इज्तिमा पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर सकेंगे।
- भोपाल शहर की ओर से आने वाले वाहन लाम्बाखेड़ा बायपास चौराहा होकर होकर निर्धारित इज्तिमा पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर सकेंगे।
- बैरसिया की ओर से आने वाले वाहन गोलखेड़ी जोड़ होकर निर्धारित इज्तिमा पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर सकेंगें।