भोपाल। शहर में कलात्मक, सांस्कृतिक, सामाजिक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला निरंतर चलता रहता है। शुक्रवार 01 दिसंबर को भी शहर में ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे ही चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
ब्रह्मोत्सव - रायसेन रोड के सज्जन सिंह नगर रिथत एनआरआइ संस्थान में लक्ष्मी पद्मावती वेंकटेंश बालाजी हनुमान एवं गरुण मंदिर के प्रांगण में चार दिवसीय ब्रह्मोत्सव के तहत तीसरे दिन शुक्रवार को सुबह नौ बजे से शांति पाठ, गोदा माता का पंचामृत से अभिषेक व श्रृंगार किया जाएगा। उसके पश्चात पूणार्हुति बलिहरणम आयोजित की जाएगी। शाम पांच बजे श्रीदेवी, भूदेवी के साथ बालाजी महाराज का कल्याणम अर्थात विवाह उत्सव व गाजे-बाजे के साथ सपन्न होगा।
जनजातीय चित्र प्रदर्शनी - आदिवासी कला एवं संस्कृति केंद्र, जीटीबी कम्पलेक्स में जानजातीय चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पद्मश्री भूरी बाई सहित 10 आदिवासी कलाकारों की करीब दो दर्जन कृतियां प्रदर्शित हैं। कृतियों को सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक देखा जा सकता है।
कथक कार्यशाला - कटारा हिल्स स्थित चक्रधर कल्चरल सेंटर में कथक नृत्य कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। संस्कार भारती विद्यापीठ के सहयोग से आयोजित यह कार्यशाला 20 दिसंबर तक चलेगी। इसमें विद्यार्थियों को चक्रधर कल्चरल सेंटर अध्यक्ष एवं कथक गुरु प्रीति तिवारी द्वारा कथक की बारीकियां बताई जा रही हैं। कार्यशाला निश्शुल्क है। समय सुबह 10 से 12 बजे तक है, जिसमें पांच से 16 साल के लगभग 75 विद्यार्थी सहभागिता कर रहे हैं।
मैजिक महेश्वरी उत्सव - मप्र हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम की ओर से मृगनयनी कबीरा एम्पोरियम, जवाहर चौक में मैजिक महेश्वर प्रदर्शनी उत्सव का आयोजन तीन दिसंबर तक किया जा रहा है। प्रदर्शनी में साड़ियों पर जाला हंसा बार्डर में नर्मदा के घाट के डिजाइन बुनाई के माध्यम से दर्शाए गए हैं, वहीं महेश्वर के बुनकर चंद्रकला डिजाइन की साड़ियां लेकर आए हैं। इसे सुबह 11 बजे से रात 08 बजे तक देखा जा सकता है।
माह का प्रादर्श - मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में नवंबर माह के प्रादर्श के रूप में इंडोनेशिया में छाया रंगमंच के सबसे पुराने और लोकप्रिय कला वेयांग कुलित : रामा व लक्ष्मण को शामिल किया है, जिसे वर्ष 1998 में संकलित किया गया था। इस प्रादर्श का संयोजन संग्रहालय एसोसिएट डा. पी. अनुराधा ने किया है। इस प्रदर्शनी को सुबह 11 बजे से देखा जा सकता है।
पुस्तक लोकार्पण व सम्मान समारोह - लघुकथा शोध केंद्र समिति और वनमाली सृजन पीठ द्वारा लघुकथा का विश्वरंग के तहत रचना पाठ, कृति लोकार्पण एवं पत्रकारिता सम्मान समारोह हिंदी भवन के महादेवी वर्मा कक्ष में शाम 5.30 से आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में कला एवं संस्कृति की पत्रकारिता करने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को संवाद भारती सम्मान वर्ष-2023 से विभूषित किया जाएगा। इसमें चुनिंदा लघुकथाकर अपनी लघुकथाओं का वाचन करेंगे। कार्यक्रम में कांता राय के कहानी संग्रह पानो, सुनीता मिश्रा की कृति कलम बोलती है, और सतीशचन्द्र श्रीवास्तव के व्यंग्य संग्रह मतलब अपना साध रे बंदे... का लोकार्पण होगा।