पिता को खोने के बाद इंटर मियामी की जर्सी में लौटे लियोनेल मेसी, विपक्षी खिलाड़ी में बीच मैच में लगाया गले
Updated on
13-08-2026 12:50 PM
मियामी: दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के पिता जॉर्ज का पिछले हफ्ते निधन हो गया था। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे और अस्पताल में भर्ती था। 8 अगस्त को उन्होंने अर्जेंटीना के रोसारियो में अंतिम सांस ली। जॉर्ज मेसी की मौत को एक हफ्ता भी नहीं हुआ है और लियोनेल मेसी ने फुटबॉल के मैदान पर वापसी कर ली है। वह इंटर मियामी के लिए लीग्स कप के मुकाबले में उतरे।सब्स्टीट्यूट के रूप में उतरे लियोनेल मेसी
इंटर मियामी के लिए लियोनेल मेसी 45वें मिनट में मैदान पर आए। डैनियल पिंटर की जगह सब्स्टीट्यूट के रूप में उन्हें मैदान पर उतारा गया। मेसी के मैदान पर आते ही पूरा नू स्टेडियम झूम उठा। मैच के बीच में ही विपक्षी टीम के खिलाड़ी जोहान रोमाना ने लियोनेल मेसी को गले लगा लिया। मेसी गेंद को लेकर गोल पोस्ट की तरफ तरफ बढ़ रहे थे। उन्होंने साथी खिलाड़ी की तरफ पास करने की कोशिश की। रोमाना ने बॉल के बाहर मार दिया। इसके बाद उन्होंने लियोनेल मेसी को गले लगा लिया।इंटर मियामी दो बार बढ़त बनाने के बाद हारी
लीग्स कप में क्लब लियोन के खिलाफ इंटर मियामी को 3-2 से हार झेलनी पड़ी। मैच का पहला गोल इंटर मियामी के लिए डेनियम पिंटर ने 42वें मिनट में किया। लियोन की तरफ से डेनियल आर्सिला ने 50वें मिनट में गोल करके मैच बराबरी पर ला दिया। यानिक ब्राइट ने चार मिनट बाद ही एक बार फिर इंटर मियामी को मुकाबले में आगे कर दिया। हालांकि जुआन पाब्लो के गोल से 61वें मिनट में मैच फिर से बराबरी पर पहुंचा। वहीं 83वें मिनट में आर्सिला ने मैच का अपना दूसरा गोल मारकर क्लब लियोन की जीत पक्की कर दी।
लीग्स कप में क्लब लियोन की टीम शानदार लय में है। अभी तक खेले सभी 3 मैचों में जीत हासिल करके वह ग्रुप ए में टॉप पर है। वहीं दूसरी तरफ इंटर मियामी को तीन मैचों में दो हार और एक ही जीत मिली है। तीन पॉइंट के साथ ग्रुप बी में वह 17वें नंबर पर है। दोनों ही ग्रुप में 18-18 टीमें हैं।