
भोपाल। गुरुनानक देव का प्रकाश पर्व सोमवार को शहर में श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर शहर के गुरुद्वारों में श्रद्धालु माथा टेकेंगे व अरदास करेंगे। गुरुद्वारों में कथा, कीर्तन दरबार सजेंगे और रागी जत्थे कीर्तन, प्रवचन से संगत को निहाल करेंगे। इस दौरान कई श्रद्धालु लंगर, सुरक्षा व्यवस्था सहित अलग-अलग सेवा देंगे। गुरुनानक जयंती की पूर्व संध्या पर भी शहर में कार्यक्रम हुए साथ ही गुरुद्वारों में कीर्तन दीवान सजाए गए। वहीं इस समय शहर के गुरुद्वारों में अखंड पाठ का आयोजन चल रहा है, जिसका समापन सोमवार सुबह होगा। इसमें बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग शामिल होंगे।
- गुरुद्वारा पंजाबी बाग रायसेन रोड पर श्री अखंड पाठ साहिब जी का पाठ का पाठ आरंभ किया गया। विशेष दीवान 27 नवंबर सुबह सात बजे से दोपहर 2.00 बजे तक चलेगा। इसके अलावा गुरुद्वारा पिपलानी एवं गुरुद्वारा अरेरा कालोनी में भी विशेष दीवान सजाए गए हैं और प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है। गुरुद्वारा पंजाबी बाग रायसेन रोड भोपाल में विशेष दीवान सजाया गया है। जिसमें एक पंथ के महान रागी जथा गुरुद्वारा बंगला साहिब दिल्ली से हजूरी रागी जत्था भाई गुरप्रीत सिंह शान एवं भाई हरमिंदर सिंह, कथा कीर्तन प्रवचन के द्वारा श्री गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व पर उनका यश गायन कर संगत को निहाल करेंगे। इस अवसर पर गुरु का अटूट लंगर रखा गया है।
गुरुद्वार नानकसर में आकर्षक लाइटिंग
हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारा नानकसर में प्रकाश पर्व के चलते आकर्षक सजावट की गई है। रविवार रात में कथा और कीर्तन दरबार सजाया गया। सोमवार को यहां सुबह 10 बजे से मुख्य पंडाल में कीर्तन दरबार सजाया जाएगा, जो 2:30 बजे तक चलेगा। इसी प्रकार रात्रि में भी सात से 12:15 तक कीर्तन दीवान सजेगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।