
भोपाल/हरदा। जिले में बारिश का दौर दूसरे दिन भी जारी रहा। जिससे नदी-नाले उफान पर आ गए। कई गांवों से संपर्क टूट गया। इससे आवागमन प्रभावित रहा। वहीं नर्मदा का जल स्तर भी बढ रहा है। इससे नर्मदा किनारे के गांवों में जलभराव होने लगा है।
सिवनीमालवा-टिमरनी के बीज गंजाल नदी के पुलिस पर बाढ़ का पानी आने से नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे शुक्रवार की रात करीब 10 बजे से बंद है। इससे दूध, सब्जी और जरूरी सामग्री के वाहन रुक गए। दोपहर 1.30 गंजाल नदी के पुल से आवागमन शुरू हो सका। इधर हरदा के पास अजनाल नदी का पानी पुल पर हाेने खिरकिया, सिराली की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन बंद रहा है।
वहीं शहर के पास अजनाल नदी के पुल पर बाढ़ का पानी होने से स्टेट हाईवे बंद रह। जबकि बंगाली कलोनी, इमलीपुरा, मानपुरा में जलभराव होने से लोग परेशान हुए। प्रशासन ने गांव में अलर्ट जारी किया है। साथ ही गांवों से लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है।
शुक्रवार की सुबह से जिले में बारिश जारी है। इससे अजनाल, नर्मदा, मटकूल, अजनाल, गंजाल, मटकुल, स्यानी, टिमरनी और हंसावती नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। आंगनबाड़ी केंद्र और पहली से 12 कक्षा तक के स्कूल में शनिवार अवकाश रहा। इसके लिए कलेक्टर ऋषि गर्ग ने शुक्रवार को आदेश जारी किया था।
24 घंटों में जिले में 205.2 मिलीमीटर हुई वर्षा जिले में गत चौबीस घंटों में 205.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस तरह इस वर्ष अब तक जिले में 1019.8 मिलीमीटर औसत बारिश हो चुकी है।
सोडलपुर। ग्राम सहित आसपास के क्षेत्र में पिछले 36 घंटे से चल रहा बारिश का दौर जारी है। इसके कारण कई जगह नदी नाले उफान पर आ गए है। नजदीकी ग्राम सुहागपुर में भी शासकीय शाला में पानी भर गया। इसके अलावा दूधकच्छ रपटा भी देर शाम तक पानी में डूबा रहा। जिससे आवागमन पूरी तरह बंद रहा। ग्राम के हंसावती नदी भी पुल से टकराकर निकल गई।
टिमरनी। शुक्रवार-शनिवार को लगातार हुई वर्षा क्षेत्र के नदी नाले उफान पर रहे। नगर के समीप छिदगांव मेल की गंजाल नदी का पानी पुल के ऊपर रहा। जिसके कारण 14 घंटे से अधिक स्टेट हाइवे हरदा-नर्मदापुरम का यातायात बाधित रहा। इस दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस, राजस्व आदि विभाग का अमला मौके पर मौजूद रहा। गंजाल नदी का पानी दोपहर 1 बजे कम हुआ। उसके बाद प्रशासन द्वारा स्टेट हाइवे को चालू कराया गया।
वहीं भायली मार्ग, बारजा-धौलपुर कला मार्ग कई घंटों बंद रहा एवं नगर की कई कालोनी में भी जल भराव देखने को मिला। भायली, लाहड़पुर, बैराखेड़ी, बारजा, सामरधा, धौलपुर मार्ग घंटों रहे बंद टिमरनी क्षेत्र में तेज बारिश के कारण शनिवार को टिमरन नदी उफान पर रही। जिसके कारण ग्राम भायली, लाहड़पुर, बेराखेड़ी जाने वाला रास्ता नदी के पानी डूब गया और गांवों का संपर्क नगर से टूट गया। जिसे चलते ग्रामवासियों को समस्या का सामना करना पड़ा।
बारजा मार्ग पर नाले में पानी सड़क पर आ गया जिसे चलते बारजा, सामरधा, धौलपुर कला मार्ग बंद रहा। तेज बारिश के चलते नगर की विभिन्न कालोनियों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। नगर के इतवार बाजार के पास, अमृत गंगा कालोनी, बालाजीपुरम कालोनी में जल भराव के कारण कालोनी के रास्ते पानी डूब गए। वहीं जनपद पंचायत टिमरनी के सामने बने रेलवे अंडरब्रिज में पानी भरने के कारण अंडरब्रिज का रास्ता पानी में डूबने से रास्ता बंद रहा।