भोपाल। पुराने शहर के बुधवारा क्षेत्र में मंगलवार शाम को एक अनाज दुकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। पास में ही कपड़े समेत अन्य दुकानें होने से आग फैलने का डर था। इससे आग बुझाने के लिए आसपास के लोग भी दौड़ पड़े। वहीं सूचना मिलते ही फतेहगढ़ और पुल बोगदा फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि आग ज्यादा नहीं फैली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
दुकान में रखा था केरोसीन
जानकारी के अनुसार बुधवारा चौराहा स्थित सेठानी अनाज की दुकान पर मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे अचानक आग लग गई। दुकान में रखे केरोसिन ने आग पकड़ ली तो लपटें ऊंची-ऊंची उठने लगीं। इससे आसपास के व्यापारी भी दहशत में आ गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। साथ ही पुलिस और फायर कंट्रोल को सूचना दे दी थी। कुछ ही देर बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और दमकल कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया था। फायरकर्मी अकील खान ने बताया कि लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया था। हालांकि आग लगने से दुकान में रखा अनाज व अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। अभी आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। कयास लगाए जा रहे हैं कि संभवत: शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी।