भोपाल। राजधानी की अंसल प्रधान कालोनी में रहने वाली एक महिला से हैदराबाद की महिला जालसाज ने 82 लाख रुपये की ठगी कर दी। इसके लिए उसने उसे शेयर बाजार में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का झांसा दिया था। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत शाहपुरा थाना में की थी। पुलिस ने जांच के बाद आला अधिकारियों के निर्देश पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर आरोपित महिला की तलाश शुरू कर दी है।
सेमिनार में हुई थी मुलाकात
पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय पूजा सक्सेना अंसल प्रधान कालोनी दानापानी रोड पर रहती हैं। वह गृहिणी हैं। उन्होंने पुलिस को शिकायत में बताया था कि वह शेयर मार्केट के जरिये लाभ कमाना चाहती थीं। इस दौरान उन्होंने एक शेयर बाजार की वेबसाइट तलाशी, जहां हैदराबाद निवासी पद्मा बाबू नामक महिला के बारे में जानकारी मिला। वहीं शेयर मार्केट के ब्रोकरों की एक ट्रेनिंग क्लास में भी उन्हें जालसाज महिला मिली। इस दौरान उनकी बातचीत हुई तो पद्मा बाबू ने पूजा को शेयर मार्केट में होने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी और कहा कि यदि आप शेयर मार्केट में रुपये निवेश करती हो तो बदले में पांच फीसदी लाभ दूंगी।
रिश्तेदारों की रकम भी लगाई
उसके झांसे में आकर पूजा ने पहली बार अप्रैल 2022 में निवेश किया। उन्हें निवेश के बदले पांच फीसदी लाभ पद्मा बाबू ने दिया। इसके बाद पूजा को उस पर भरोसा हो गया। धीरे-धीरे पूजा ने अपने रिश्तेदारों से कहकर भी कुल 82 लाख रुपये पद्मा को दे दिए। इतनी बड़ी रकम हाथ लगने के बाद पद्मा ने उनसे दूरी बना ली और अब वह न तो पैसे लौटा रही है और न ही लाभ का हिस्सा दे रही है।