दिल्ली SIR: दिवंगत अर्थशास्त्री विवेक देबरॉय को भी मिला नोटिस, गड़बड़ी पर चुनाव आयोग ने दी सफाई
Updated on
21-09-2026 12:01 PM
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में चल रही SIR प्रक्रिया के तहत दी गई जानकारी में "गड़बड़ियों" के कारण जिन वोटरों को नोटिस भेजे जा रहे हैं, उनकी लिस्ट में दिवंगत अर्थशास्त्री और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक सलाहकार परिषद के पूर्व चेयरमैन बिबेक देबरॉय का नाम भी शामिल है। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के वोटर देबरॉय का नवंबर 2024 में निधन हो गया था। उनका नाम उन 33 लाख वोटरों की लिस्ट में शामिल है, जिन्हें एन्यूमरेशन फॉर्म के जरिए दी गई जानकारी में "गड़बड़ियों" के लिए नोटिस भेजे जा रहे हैं।सीनियर चुनाव अधिकारी का आया बयान
एक सीनियर चुनाव अधिकारी ने कहा कि हमें उनके निधन के बारे में पता है और अब उनका नाम फाइनल लिस्ट से हटा दिया जाएगा। दिवंगत देबरॉय की एंट्री को 'पिछले SIR के साथ अनमैप्ड' (यानी पिछले रिकॉर्ड से मेल न खाने वाला) के तौर पर मार्क किया गया था। जिन ज़्यादातर वोटरों को नोटिस भेजे गए हैं, उनकी जानकारी पिछले रिकॉर्ड से मैच नहीं हो पा रही है।मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय का भी आया बयान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार, चुनावी डेटाबेस में पहले से चिह्नित न्यायपालिका के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, विशेष पदों पर आसीन व्यक्तियों तथा कला, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल व सार्वजनिक सेवाओं के क्षेत्र की हस्तियों के नाम मसौदा मतदाता सूची में शामिल किए जाने हैं।
कार्यालय ने कहा कि यह निर्देश इसलिए जारी किया गया था ताकि दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि के दौरान आवश्यक दस्तावेज भी एकत्र किए जा सकें। एक चुनाव अधिकारी ने कहा कि बीएलओ ने देबरॉय के निधन की जानकारी दर्ज की थी, लेकिन निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार उनका नाम हटाया नहीं जा सका और वह मसौदा मतदाता सूची का हिस्सा है।