भोपाल। राजधानी के पिपलानी इलाके में रहने वाले एक दंपती ने सोमवार को एक साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पत्नी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजन को सौंप दिया गया है। उधर, अस्पताल में उपचाररत पति की हालत भी नाजुक है। तलाशी के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि संतान नहीं होने के कारण दोनों काफी दुखी रहते थे और तनाव में थे।
पुलिस के मुताबिर राहुल अहिरवार (27) चांदबाड़ी झुग्गीबस्ती पिपलानी में रहता है और प्राइवेट काम करता है। करीब तीन साल पहले उसकी शादी सीमा (25) के साथ हुई थी, लेकिन दोनों को फिलहाल कोई संतान नहीं थी। सोमवार सुबह राहुल और उसकी पत्नी घर पर थे, जबकि पिता रामचरण अहिरवार किसी काम से बाहर गए थे। दोपहर के समय रामचरण घर लौटे तो बेटा और बहू उल्टियां करते हुए मिले। पूछने पर दोनों ने बताया कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया है। परिजन और रिश्तेदारों ने उन्हें इलाज के लिए जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पति की हालत भी नाजुक
घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंची पुलिस ने उनके कथन लिए, जिसमें उन्होंने पारिवारिक कारण और संतान नहीं होने से दुखी होना बताया। मंगलवार सुबह इलाज के दौरान पत्नी सीमा ने दम तोड़ दिया, जबकि राहुल का नाजुक हालत में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि दंपती के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच के बाद ही जहर खाने के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।