
भोपाल। दतिया एयरपोर्ट के लोकार्पण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी वीरेन्द्र मिश्रा और आइजी सुशांत सक्सेना बीच तीखी नोकझोंक से नाराज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन दोनों के साथ डीआईजी कुमार सौरभ को हटा दिया है।
इसके साथ ही कटनी में सीएसपी ख्याति मिश्रा व उनके तहसीलदार शैलेंद्र बिहारी शर्मा के बीच विवाद में एसपी अभिजीत रंजन का नाम आने पर उन्हें भी तत्काल हटाने के आदेश दिए, जिसके बाद देर रात गृह विभाग ने 10 आईपीएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी कर दिए।
अब सचिन कुमार अतुलकर को चंबल रेंज का आईजी, सुनील कुमार जैन को डीआईजी और सूरज वर्मा को दतिया एसपी बनाया गया है। वहीं, कटनी एसपी अभिनव विश्वकर्मा को बनाया गया है। बता दें, सचिन अतुलकर और कुमार सौरभ जनवरी में आईजी के पद पर पदोन्नत हो गए थे, पर अभी तक नई पदस्थापना नहीं मिलने से डीआईजी का ही काम कर रहे थे। अतुलकर के पास जबलपुर आईजी का अतिरिक्त प्रभार था, अब उनकी जगह सागर आईजी प्रमोद वर्मा को जबलपुर आईजी बनाया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट किया कि 'कटनी के पुलिस अधीक्षक और दतिया के पुलिस अधीक्षक तथा आईजी, डीआईजी चंबल रेंज द्वारा ऐसा व्यवहार किया गया जो लोकसेवा में खेदजनक है। इस कारण इन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं।'