
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में पनौती शब्द का प्रयोग करने पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर भाजपा भड़क गई है। उसने पलटवार में राहुल को मंदबुद्धि कहा है। राजधानी में प्रदेश भाजपा कार्यालय पर मतदान की तैयारी के लिए बुलाई गई पार्टी की बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी ने पनौती शब्द का उपयोग कर देश की 130 करोड़ जनता का अपमान किया है। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए जिन शब्दों का प्रयोग किया है, उससे उन्होंने अपनी मंदबुद्धि का परिचय दिया है। कांग्रेस आज अपना अस्तित्व खो रही है इसका एक बड़ा कारण राहुल गांधी और उनकी शब्दावली है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल ने यदि अपने बयान के लिए माफी नहीं मांगी तो भाजपा प्रदेश भर में आंदोलन करेगी। शर्मा ने कहा कि पीएम के कुशल नेतृत्व का परिणाम है की आज पूरी दुनिया में भारत का मान सम्मान बढ़ा है, लेकिन दुर्भाग्य है कि ऐसे महान व्यक्तित्व पर घटिया टिप्पणी करके राहुल गांधी ने एक बार फिर अपनी ओछी राजनीति का प्रदर्शन कर संपूर्ण देशवासियों का अपमान किया है।
बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद रहे। बैठक में मतदान की तैयारियों और निश्चित समय में प्रत्याशियों द्वारा खर्च का ब्यौरा चुनाव आयोग को देने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही मतदान कराने पर निगरानी के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने पर भी चर्चा की गई।