भोपाल। राजधानी में सरेराह लूट की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार दोपहर लगभग एक बजे हमीदिया रोड पर भी ऐसी ही एक वारदात हो गई, जहां पर पैदल जा रहे युवक से बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल फोन झपट लिया। जब यह घटना हुई उस वक्त मार्ग पर काफी ट्रैफिक था, इस वजह से बाइक सवार बदमाश बहुत आगे नहीं जा पाए। युवक के शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे पुलिसकर्मियों ने पीछा कर बाइक सवार दोनों बदमाशों को हिरासत में ले लिया। आरोपितों से लूटपाट की अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
बहन से मिलने जा रहा था युवक
मंगलवारा थाना पुलिस के मुताबिक ग्यारसपुर, विदिशा निवासी 23 वर्षीय रितिक सेन की बहन शिवनगर छोला में रहती है। रितिक बहन के घर जाने के लिए गुरुवार को भोपाल आया था। दोपहर एक बजे वह रेलवे स्टेशन से पैदल शिवनगर की तरफ जा रहा था। तभी हमीदिया रोड पर रंजीत होटल के पास बाइक से पीछे आए दो युवकों में से एक ने रितिक के हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद दोनों बाइक से नादरा बस स्टैंड की तरफ भाग निकले। रितिक ने शोर मचाते हुए उनके पीछे दौड़ लगा दी। घटना के समय वहां से गुजर रहे पुलिसकर्मियों ने पीछा कर बस स्टैंड के पास दोनों युवकों को पकड़ लिया। आरोपितों की पहचान शाहजहांनाबाद निवासी 20 वर्षीय आमिर पठान और टीला जमालपुरा निवासी 19 वर्षीय राहत खान के रूप में हुई है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।