भोपाल। चूनाभट्टी इलाके में एक ब्यूटीशियन के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपित युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता ने थाने में दिया था आवेदन
टीआइ भूपेंद्र कौर के मुताबिक 27 वर्षीय युवती चूनाभट्टी में रहती है और ब्यूटी पार्लर का काम करती है। करीब दो साल पहले युवती की पहचान 24 वर्षीय सौरभ हसवानी से हुई थी। पहले दोनों की फोन पर बातचीत हुई और फिर मामला प्रेम प्रसंग तक चल गया। इसके बाद आरोपित युवक ने शादी करने का झांसा देकर उसके साथ गलत काम किया। कुछ दिन पहले युवती ने जब उस पर शादी करने के लिए दबाव डाला तो युवक साफ मुकर गया। इस मामले को लेकर पीड़िता ने थाना पुलिस को लिखित में आवेदन दिया था। आवेदन की जांच के बाद पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ केस दर्ज किया। साथ ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी कर लिया।
कालेज में एडमिशन कराया, फिर किया दुष्कर्म
उधर, शाहपुरा इलाके में भी एक युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। शाहपुरा टीआइ रघुनाथ सिंह के मुताबिक 23 वर्षीय युवती निजी काम करती है। करीब तीन साल पहले उसे कालेज में एडमिशन कराना था, तभी उसकी पहचान राज वर्मा नामक युवक से हुई थी। युवक ने पीड़िता का कॉलेज में एडमिशन करा दिया और दोनों में धीरे-धीरे प्रगाढ़ दोस्ती हो गई। इसी दौरान आरोपित युवक ने शादी करने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। तीन साल तक शोषण करने के बाद वह शादी से मुकर गया तो पीड़िता ने थाने में एफआईआर दर्ज करा दी।