
भोपाल। शादियों का सीजन शुरू होते ही शहर के मैरिज गार्डनों में चोर गिरोह भी सक्रिय हो गए हैं। दो दिन के अंदर मिसरोद के बाद सोमवार रात खजूरी सड़क इलाके में स्टेज पर रखा हुआ उपहारों से भरा बैग पलक झपकते गायब हो गया। पुलिस के मुताबिक घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी खराब होने से वारदात के फुटेज नहीं मिल सके हैं।
खजूरी सड़क थाना पुलिस के अनुसार बैरागढ़ निवासी महेश प्रेमचंदानी बैंक में कार्यरत है। सोमवार को उनकी बेटी की शादी ग्राम भौंरी स्थित प्ले होटल में थी। रात 12 बजे तक समारोह में आए अधिकांश मेहमान वापस चले गए थे। इसके बाद महेश व उनका परिवार स्टेज पर वर-वधु के साथ फोटो खिंचवा रहा था। स्टेज पर ही उपहार में मिले लिफाफों से भरा बैग रखा हुआ था। फोटो खिंचवाने के बाद परिवार के लोगों की नजर पड़ी तो देखा कि उपहारों वाला बैग गायब था। आसपास तलाश करने पर भी जब बैग नहीं मिला तो महेश प्रेमचंदानी ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। बता दें कि मिसरोद थाना इलाके में 11-12 दिसंबर की रात गौरी ग्रीन गार्डन में रविंद्र विजयवर्गीय के परिवार का शादी समारोह था। रात करीब 12:15 बजे स्टेज से उपहारों वाला बैग चोरी चला गया था। उसमें मोबाइल फोन सहित करीब 60 हजार रुपये कीमत का सामान रखा था।