
भोपाल। नई सरकार के गठन पर आयोजित समारोह में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राजधानी आगमन को देखते हुए अन्य जिलों से पुलिस बल बुलाया गया है। इसी क्रम में मंगलवार शाम को नीमच से आए एएसआइ पुलिस टीम को वीआइपी रोड पर उनके पाइंट के बारे में समझा रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वहां चेक करने के बाद डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है। आरोपित चालक की तलाश की जा रही है।
कोहेफिजा थाना प्रभारी बृजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि 61 वर्षीय कैलाशचंद्र शर्मा नीमच में ट्रैफिक पुलिस में एएसआइ के पद पर पदस्थ थे। शाम छह बजे वह वीआइपी रोड पर खानूगांव से करबला के बीच बने सैल्फी पाइंट के पास पुलिसकर्मियों को उनके ड्यूटी पाइंट के बारे में जानकारी दे रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने एएसआइ शर्मा को टक्कर मार दी थी। दुर्घटना के बाद आरोपित चालक बाइक मौके पर छोड़कर गायब हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
ट्रक की टक्कर से स्कूटर सवार बालक की मौत, तीन घायल
भोपाल। खजूरी सड़क थाना इलाके में मंगलवार सुबह ग्राम बरखेड़ा बोंदर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटर में टक्कर मार दी। हादसे में एक 13 वर्ष के बालक की मौत हो गई। तीन लोग घायल हो गए। एक ही परिवार के सभी लोग एक शादी समारोह में काम करने जा रहे थे।