
भोपाल। राज्य आनंद संस्थान जल्द ही मध्य प्रदेश के निवासियों के जीवन में खुशी के संदर्भ में आए बदलावों का पता लगाने के लिए खुशी का बेसलाइन सर्वेक्षण करने वाला है। यह सर्वे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग किया जाएगा, जिसमें लगभग 35 हजार लोगों को शामिल करने की योजना है। इसमें लोगों से उनके रिश्तों, आय, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य सूचकांकों पर सवाल पूछे जाएंगे। इसके लिए प्रश्नावली तैयार की गई है। इस कार्य के लिए आइआइटी खड़गपुर, राज्य आनंद संस्थान का नालेज पार्टनर है और उसने सर्वेक्षण योजना का मसौदा और प्रश्नावली तैयार करने में मदद की है।
व्यक्तिगत भलाई सूचकांक : यहां लोगों को यह जवाब देना होगा कि वे जीवन के विभिन्न पहलुओं से कितने संतुष्ट हैं, जिसमें जीवन स्तर, स्वास्थ्य, शिक्षा का स्तर, व्यक्तिगत सफलता और जीवन में उपलब्धियां, व्यक्तिगत संबंध, सुरक्षा, संरक्षा, समुदाय सह पड़ोसी शामिल हैं। अपने जीवन और व्यवसाय के बारे में स्वयं निर्णय लेने की स्वतंत्रता के बारे में भी पूछा जाएगा।