
भोपाल। हबीबगंज क्षेत्र में चार दिन पहले एक भाजपा कार्यकर्ता की हथेली काटने वाले बदमाश फारुख राईन उर्फ मिन्नी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई की गई है। इस मामले में शुक्रवार को कलेक्टर आशीष सिंह ने आदेश जारी किया है। कलेक्टर ने बताया कि इस प्रकार की हिंसा करने वाला व्यक्ति समाज के लिए खतरा है, ऐसे में इसके खिलाफ रासुका की कार्रवाई की गई। इस मामले में कलेक्टर ने आरोपित को जेल भेजने के आदेश भी जारी कर दिए हैं।आरोपित इलाके का कुख्यात गुंडा है। उसके खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा अपराध दर्ज हैं। इस मामले में पुलिस फारुख राइन समेत उसके बाकी चार साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
गौरतलब है कि फारुख राइन उर्फ मिन्नी ने अपने चार साथियों शाहरुख, समीर उर्फ बिल्लू, असलम और बिलाल के साथ मिलकर साईं बाबा नगर में रहने वाले भाजपा कार्यकर्ता देवेंद्र सिंह ठाकुर पर विगत मंगलवार की रात बुरी तरह मारपीट की थी। इसी दौरान फारुख ने देवेंद्र के सिर पर तलवार से वार किया, जिसे रोकने के प्रयास में देवेंद्र के बायें हाथ का पंजा आधा कट गया था। देवेंद्र भाजपा का अरेरा मंडल कार्यकर्ता है और साथ ही झुग्गी-झोपड़ी जिला कार्यालय मंत्री भी है।
गुरुवार को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय अस्पताल में भर्ती भाजपा कार्यकर्ता देवेंद्र का हालचाल जानने उससे मिलने पहुंचे थे। इस दौरान वीडी शर्मा ने कहा भी था कि आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।