नई दिल्ली: जापान में चल रहे एशियन पैरा गेम्स के दौरान भारतीय दल से जुड़ा एक विवाद सामने आया है। भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख को जापान में होटल की महिला कर्मचारी के साथ कथित यौन उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार के आरोपों के बाद पुलिस ने हिरासत में लिया। घटना के एक दिन बाद मंगलवार को उन्हें भारत वापस भेज दिया गया। अब भारतीय पैरालंपिक समिति उनके खिलाफ आजीवन बैन लगाने पर विचार कर सकती है।टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय दल के एक सीनियर अधिकारी ने घटना की पुष्टि की। अधिकारी ने कहा, 'एशियन पैरा खेलों में हिस्सा ले रहे पूरे भारतीय दल को बदनाम करने और विश्व मंच पर देश को शर्मिंदा करने के कारण, आलम पर आजीवन बैन लग सकता है।'नागोया के होटल में क्या हुआ?
रिपोर्ट के अनुसार यह घटना सोमवार को फोर पॉइंट्स बाय शेरेटन होटल में हुई, जहां भारतीय पैरा तैराकी टीम ठहरी हुई थी। आरोप है कि होटल की एक महिला कर्मचारी खिलाड़ी के कमरे में हाउसकीपिंग का काम कर रही थी, तभी उसके साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया गया।
भारतीय दल के अधिकारी ने कहा, 'स्थानीय आयोजन समिति ने शेफ-डी-मिशन के कार्यालय को सूचित किया कि होटल में यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ की एक कथित घटना हुई है और स्थानीय पुलिस ने एक भारतीय एथलीट को हिरासत में ले लिया है। जब हम होटल पहुंचे, तब पुलिस और होटल के अधिकारी वहां मौजूद थे। हमें बताया गया कि एथलीट ने हाउसकीपिंग स्टाफ की एक महिला कर्मचारी को अनुचित तरीके से छुआ, अश्लील इशारे किए, उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश करने की कोशिश की। वह तुरंत बाहर भागी और अपने अधिकारियों को इसकी सूचना दी। पुलिस और होटल के कर्मचारियों ने हमें यही जानकारी दी है।'शिकायत के बाद पुलिस ने लिया हिरासत में
रिपोर्ट के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद जापानी पुलिस ने 40 साल के शेख को हिरासत में लेकर पुलिस स्टेशन ले गई। भारतीय दल के अधिकारी ने दावा किया कि पुलिस ने गिरफ्तारी और मामले को अदालत के सामने पेश करने की मांग की थी। इसके बाद स्थानीय आयोजन समिति ने हस्तक्षेप किया। भारतीय दल की तरफ से महिला कर्मचारी को लिखित माफी देने और खिलाड़ी को जापान से वापस भेजने की व्यवस्था करने को कहा गया। अधिकारी के मुताबिक, शेख को रात बिताने के लिए दूसरे होटल में भेजा गया और मंगलवार को नागोया से भारत रवाना कर दिया गया।पुलिस ने जापानी भाषा में अपनी शिकायत में यौन अपराध के आरोप को दर्ज किया था। मैंने खुद इसे देखा है, इसलिए मैं इसकी पुष्टि कर सकता हूं। खेलों और हमारे खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर ध्यान देने के बजाय, हमें पुलिस स्टेशन और बाद में होटल में कई घंटे अधिकारियों को समझाने-बुझाने में बिताने पड़े। हमें सबके सामने शर्मिंदा होना पड़ा।
भारतीय दल के अधिकारी
कौन हैं मोहम्मद शम्स आलम शेख?
मोहम्मद शम्स आलम शेख बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले हैं और मुंबई के धारावी इलाके में अपने परिवार के साथ रहते हैं। शेख पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई S5 और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक SB4 स्पर्धाओं में दुनिया के नंबर एक तैराक रह चुके हैं। उन्होंने 2018 में जकार्ता में हुए एशियन पैरा गेम्स में हिस्सा लिया था। इसके अलावा, उन्होंने पिछले साल रेक्याविक इंटरनेशनल गेम्स में 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में गोल्ड मेडल जीता था। इस दौरान उन्होंने भारतीय और एशियाई रिकॉर्ड भी बनाए थे।