
भोपाल। कोहेफिजा थाना पुलिस ने एक अक्टूबर को बड़ा तालाब में मिथिलेश नाम के युवक के कूदकर खुदकुशी करने के मामले में उसके दोस्त के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। आरोपित घर में ताला लगाकर फरार हो गया है।
कोहेफिजा थाना के एसआइ अबूबकर सिद्दीकी ने बताया कि एक अक्टूबर को बड़ा तालाब में मृत मिले युवक की पहचान लांजी (बालाघाट) निवासी 33 वर्षीय मिथिलेश के रूप में हुई थी। जांच में पता चला कि मिथिलेश ने खुदकुशी करने से पहले अपने मोबाइल से एक वीडियो वायरल किया था। उसमें बताया था कि वह मां को इलाज के लिए भोपाल लाया था। मां को उसने भोपाल में रहने वाली अपनी बहन के घर छोड़ दिया था। वह कोलार इलाके में रहने वाले लांजी निवासी अपने दोस्त आदर्श के घर पर रहने लगा था। इस दौरान आदर्श उसे साथ में ले जाकर अयोध्या नगर में रहने वाले अपने किसी दोस्त की कार ले आया था। आदर्श दोस्त की कार वापस नहीं कर रहा था। साथ ही साजिश के तहत मिथिलेश के खिलाफ अयोध्या नगर थाने में शिकायत भी दर्ज करवा दी थी। इससे पुलिस भी मिथलेश को फोन कर थाने बुला रही थी। मिथिलेश ने जब आदर्श से दोस्त की कार वापस करने का दबाव बनाया, तो उसने मिथलेश को किसी भी युवती के फर्जी मामले में फंसवाने की धमकी देना शुरू कर दी थी। इससे मिथलेश बुरी तरह घबरा गया था। अंतत: तनाव में आकर उसने तालाब में कूदकर खुदकुशी कर ली थी। आरोपित आदर्श बीएमएस तृतीय वर्ष का छात्र है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।