भोपाल। राजधानी के बागसेवनिया थाना क्षेत्र पिपलिया पेंदे खां में एक महिला घर की दूसरी मंजिल से नीचे आ गिरी और बुरी तरह घायल हो गई। घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। स्वजन महिला को तुरंत एम्स लेकर पहुंचे थे। वहां इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद महिला ने दम तोड़ दिया। पूछताछ में पता चला कि वह पूजा करने छत पर गई थी। वहां संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे गिर गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है।
यह है घटनाक्रम
बागसेवनिया थाना पुलिस के अनुसार 42 वर्षीय गीता पत्नी फूल सिंह पिपलिया पेंदे खां में परिवार के साथ रहती थी। वह गृहणी थी। उसके पति एम्स में आउटसोर्स में काम करते हैं। फूल सिंह ने पुलिस को बताया कि गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पत्नी पूजा करने छत पर गई थी। वह छत पर मुंडेर के पास खड़ी होकर सूर्य को अर्घ्य दे रही थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और दूसरी मंजिल से नीचे पड़ोस के खाली भूखंड में गिर गई। यह देख पड़ोसियों ने तुरंत महिला के स्वजन को घटना के बारे में बताया। करीब 25 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण महिला को गंभीर चोटें लगी थीं, जो उसके लिए जानलेवा साबित हुईं।