बेयरस्टो के आउट होते ही क्यों बौखला गए स्टोक्स? सिर्फ 21 गेंद में पूरा कर लिया शतक!
Updated on
03-07-2023 07:46 PM
लंदन: एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में भी इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार मिली। इस हार के साथ ही वह सीरीज में 2-0 से पिछड़ गई है। लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया मुकाबला काफी रोमांचक रहा था लेकिन अंत में किस्मत ने ऑस्ट्रेलिया का साथ दिया। चौथी पारी में इंग्लैंड को जीत के लिए 371 रनों का लक्ष्य मिला था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी लेकिन कप्तान बेन स्टोक्स ने अकेले मोर्चा संभाल लिया था। इस दौरान उन्हें बेन डकेट का भी अच्छा साथ मिला लेकिन उनके आउट होते ही मामला बिगड़ गया।
मुकाबले में बेन स्टोक्स ने 155 रन बनाए। शुरुआत में स्टोक्स सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए टीम को धीरे-धीरे जीत की तरफ बढ़ा रहे थे लेकिन जैसे ही जॉनी बेयरस्टो विवादपूर्ण तरीके से रनआउट हुए उसके बाद तो मानों स्टोक्स बौखला गए। बेयरस्टो के आउट होने के बाद स्टोक्स ने सिर्फ 21 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया।
बेयरस्टो जब रन आउट हुए थे तो स्टोक्स 126 गेंद में 62 रन बनाकर खेल रहे थे लेकिन इसके बाद इंग्लैंड के कप्तान ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को बैजबॉल का शो दिखाया। उन्होंने अलगी 21 में अपना शतक पूरा कर लिया, जिसमें उन्होंने 5 चौके और लगातार तीन छक्के भी लगाए।शतक पूरा करने के बाद स्टोक्स नहीं रुके। उनका साथ रहे स्टुअर्ट ब्रॉड ने सिर्फ एक छोर को संभालने का काम किया। इस दौरान स्टोक्स ने लगातार तेजी से रन बनाते रहे। एक समय ऐसा लगा कि वह अकेले इंग्लैंड को जिता देंगे लेकिन 155 रन के स्कोर पर वह जोश हेजलवुड की गेंद पर एलेक्स कैरी के हाथों कैच आउट हो गए।स्टोक्स के आउट होते ही इंग्लैंड भी उम्मीदें भी खत्म हो गई। उनके आउट होने के बाद इंग्लैंड के बल्लेबाज स्कोरबोर्ड में सिर्फ 26 रन ही जोड़ सके। इस तरह मेजबान इंग्लैंड की पारी 327 रनों पर सिमट गई और ऑस्ट्रेलिया ने 43 रन से लॉर्ड्स में खेले गए टेस्ट मैच को अपने नाम कर लिया।