
टीम इंडिया को चीयर करने के लिए द ओवल सचिन तेंदुलकर के जबरा फैन माने जाने वाले सुधीर भी पहुंचे हुए हैं। कड़ी ठंड में बिना कपड़े के तिरंगा पेंट किए सुधीर शंखनाद करते हैं तो उनके पास बड़ी संख्या में मौजूद भारतीय फैंस भारत-भारत के जयकारे लगाते हैं।
सिर पर भगवा पगड़ी बांधे इंडिया का पोस्टर लिए इस फैन के पीछे देखिए आपको दीवाने, मास्तानों की टोली नजर आएगी। गाजे बजाते टीम इंडिया की जीत के लिए वे हर पल जोर लगा रहे हैं।
ऑस्ट्रेलियाई फील्डर के पीछे देखा जा सकता है भगवा कपड़े पहने फैंस दिख रहे हैं। कुछ फैन ब्रिगेड भारत आर्मी के भी हैं। ये वो फैंस हैं जो टीम इंडिया को पूरी दुनिया में घूम-घूमकर सपोर्ट करते हैं।
ये वो फैन हैं, जो हर हाल में अपनी टीम को जीतते देखना चाहते हैं। द ओवल में मैच होते रहे हैं, लेकिन इस वक्त तिरंगे से भरे स्टेडियम की आभा कभी-कभी ही दिखने को मिलती है।
इसमें कोई शक नहीं कि पिछले 3 दिन में भारतीय टीम विपक्षी ऑस्ट्रेलिया के मुकाबले थोड़ी उन्नीस साबित हुई है, लेकिन रोहित सेना में वो दम है कि वापसी करते हुए मैच जीत सकती है।