केजरीवाल से मिलकर नीतीश ने ऐसा क्या कहा कि खरगे बोले- अब विपक्ष एकजुट हो जाएगा

Updated on 23-05-2023 07:19 PM
नई दिल्‍ली:लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर विपक्ष को एकजुट करने के प्रयास जारी हैं। पिछले कुछ महीनों से इसे लेकर कवायद तेज है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और बिहार के सीएम नीतीश कुमार इसके लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। नीतीश कुमार ने रविवार को दिल्‍ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी। आज वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मिले। बैठक के बाद खरगे ने कहा अब विपक्ष एकजुट हो जाएगा। विपक्षी दलों की बैठक की तारीख और स्थान के बारे में अगले एक-दो दिनों में फैसला करने की बात भी कही गई। नीतीश की मुलाकात से पहले तक कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच दूरी दिख रही थी। पंजाब में केजरीवाल की AAP और कांग्रेस एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी हैं। फिर कर्नाटक में सिद्धारमैया के शपथ ग्रहण समारोह में भी कांग्रेस ने केजरीवाल को न्‍योता नहीं दिया था। इससे 2023 लोकसभा चुनाव में विपक्षी एकता कमजोर होती दिखाई दे रही थी।
दिल्‍ली में तबादलों और नियुक्तियों पर केंद्र सरकार के अध्‍यादेश पर केजरीवाल सभी राजनीतिक दलों से एकजुट होने की अपील कर रहे हैं। अभी तक साफ नहीं है कि आप को इस मुद्दे पर कांग्रेस का समर्थन मिलेगा या नहीं। पहले कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के हवाले से इस तरह की खबरें आई थीं कि केंद्र सरकार के अध्‍यादेश पर पार्टी केजरीवाल का समर्थन करेगी। लेकिन, बाद में वेणुगोपाल ने ट्वीट करके साफ किया कि इस पर कोई भी फैसला राज्‍य इकाइयों और दूसरे गैर-भाजपाई दलों के साथ सलाह-मशविरे के बाद लिया जाएगा।

व‍िपक्षी गोलबंदी के अगुआ बने हुए है नीतीश
इधर, नीतीश कुमार देश में विपक्षी गोलबंदी के अगुआ बने हुए हैं। वह कांग्रेस और केजरीवाल के बीच दूरी कम करने की कोशिश में जुटे हैं। इसी के तहत उन्‍होंने रविवार को दिल्‍ली के सीएम से फिर मुलाकात की थी। पिछले महीने भी दोनों की मुलाकात हुई थी। इसके अगले ही दिन जदयू प्रमुख कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने पहुंचे। इस मुलाकात के तुरंत बाद खरगे ने एक अहम ऐलान किया। उन्होंने ट्वीट करके कहा, 'अब एकजुट होगा देश, ‘लोकतंत्र की मजबूती’ ही हमारा संदेश! राहुल गांधी जी और मैंने आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के साथ वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा कर, देश को एक नई दिशा देने की प्रकिया को आगे बढ़ाया।'

एक घंटे से ज्‍यादा समय तक चली बैठक
खरगे के आवास '10 राजाजी मार्ग' पर एक घंटे से ज्‍यादा समय तक चर्चा चली। इस बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और बिहार सरकार के मंत्री संजय झा मौजूद थे। पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को भी बैठक में शामिल होना था। लेकिन, किन्हीं कारणों से वह शामिल नहीं हो सके। बैठक के बाद वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि विपक्षी दलों की प्रस्तावित बैठक में ज्यादातर राजनीतिक दल शामिल होंगे।

वह बोले, 'विपक्षी दलों की बैठक की तारीख और स्थान के बारे में अगले एक-दो दिनों में फैसला हो जाएगा। आज की बैठक में यह फैसला किया गया।' यह पूछे जाने पर कि कितने दल इस प्रस्तावित बैठक में शामिल होंगे, वेणुगोपाल ने कहा, 'ज्यादातर राजनीतिक दल इसमें शामिल होंगे।' पहले यह खबर सामने आई थी कि विपक्षी दलों की बैठक बिहार की राजधानी पटना में हो सकती है। इससे पहले नीतीश ने गत 12 अप्रैल को भी कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर विपक्षी एकजुटता को लेकर चर्चा की थी।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 22 September 2026
पूनम पाण्डे: पेपर लीक के खिलाफ युवाओं ने जंतर-मंतर पर आंदोलन किया, सरकार से सवाल पूछे और फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव (DUSU) में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का छात्र संगठन,…
 22 September 2026
नई दिल्ली: एक इमारत गिरी और 7 लोगों की जान चली गई... इस हादसे ने सिर्फ दिल्ली के सत्य निकेतन को नहीं, बल्कि देश के तेजी से फैलते शहरों में…
 22 September 2026
नई दिल्ली: राजस्थान का जोधपुर एयरबेस जल्द ही दुनिया की कई प्रमुख वायु सेनाओं की ताकत का गवाह बनने वाला है। यहां 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक मल्टीनेशनल एयर…
 22 September 2026
नई दिल्ली: क्या कानूनी प्रक्रिया पूरी कर गोद लिए गए बच्चे को सालों बाद वापस किसी संस्था को सौंपा जा सकता है? अगर बच्चा बड़ा होने के साथ इतना आक्रामक…
 22 September 2026
नई दिल्ली: सिंधु जल समझौता रुकने से पाकिस्तान में बहुत ही छटपटाहट है। उसने इस समझौते को फिर से शुरू करवाने के लिए भारत पर दबाव बनाने के अपने सारे…
 22 September 2026
सी.आर. पाटिल, नई दिल्ली: जल हमें उन तरीकों से जोड़ता है, जिनमें बहुत कम दूसरे संसाधन जोड़ पाते हैं। नदियां प्रशासनिक सीमाओं को नहीं पहचानतीं। भूजल के स्रोत कई समुदायों…
 22 September 2026
नई दिल्ली: दिल्ली में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन यानी SIR के दौरान कई चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। पुरानी दिल्ली के 125 साल के वोटर श्याम मुखिजा…
 21 September 2026
BRICS के बढ़ते प्रभाव, भारत-चीन संबंधों, ऊर्जा सुरक्षा और UNSC में सुधार जैसे मुद्दों पर दुनिया की नजर है। ऐसे में भारत के लिए इस मंच की बदलती भूमिका कितनी…
 21 September 2026
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में स्पेशल इंटेंसिव रिविजन ( SIR ) के बाद मतदाता सूची से हटाए गए अनगिनत वोटर शायद एक दशक तक वोट न दे पाएं। ऐसा इसलिए…
Advt.