
इंदौर में गोद में 5 माह का बच्चा लेकर रोड क्रॉस कर रही एक महिला को कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों उछल कर 10 फीट दूर गिरे। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। महिला गंभीर रूप से घायल है। घटना मासूम के पिता और बड़ी बहन की आंखों के सामने हुई। कार चालक वहां से कार लेकर भाग निकला। मां-बेटे की आसपास के लोगों ने मदद की। पिता ने बाइक से कार का पीछा कर करीब 3 किलोमीटर दूर पकड़ लिया। पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। कनाडिया पुलिस ने मर्ग कायम कर मासूम का पीएम करवाया।
घायल मां और मासूम को लोगों ने निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां से उन्हें एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया। एमवाय डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। इधर, मां की हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना झलरिया फाटे की है।
पुलिस के मुताबिक बच्चे का नाम मोक्ष है। उसके पिता प्रदीप मुंडाले ने बताया कि वे पति-पत्नी मजदूरी करते हैं। वे शुक्रवार रात को मजदूरी से लौटते वक्त झलारिया फाटे पर रुके। उसके साथ पत्नी शीतल, 3 साल की बेटी जिज्ञासा और 5 माह का बेटा मोक्ष था। मोक्ष मां की गोद में था।
पुलिस ने करवाया एमवाय में पीएम, मां की हालत गंभीर
प्रदीप ने बताया कि हादसे में पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसके हाथ-पैर और सिर में चोट आई है। जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। इधर, बेटे की मौत के बाद पुलिस ने शनिवार को एमवाय अस्पताल में उसका पीएम करवाया। बताया जा रहा है कि मासूम के सिर में खून का थक्का जमने के कारण बच्चे की मौत हुई है। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। इधर, कनाडिया पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है।