
इंदौर जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में शुक्रवार को मतदान हुआ। सुबह धीमे मतदान से शुरुआत होने के बाद दोपहर होते-होते मतदान ने गति पकड़ ली। अधिकांश बूथों पर लंबी लाइने लगी हुई थी। पहले दो घंटे सुबह 7-9 बजे के बीच 6.52 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद 9 से 11 बजे तक 17.02 प्रतिशत, 11 से 1 बजे तक 15.89, दोपहर एक से 3 बजे तक 13.69 और तीन से शाम 5 बजे तक 13.15 प्रतिशत मतदान हुआ।
विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 7 बजे सभी बूथों पर मतदान शुरू हो गया था। मतदान के कुछ देर बाद कई बूथों पर ईवीएम और वीवीपैट मशीन बदलना पड़ी। विधानसभा इंदौर क्षेत्र एक के नगीन नगर स्थित स्कूल में वीवीपैट मशीन खराब होने पर मतदान रोकना पड़ा। सेक्टर अधिकारी के आने के बाद मशीन को बदला गया। बूथ 254 पर भी मशीन खराब हो गई थी, जिसे बदला गया।