
भोपाल। शहर में सांस्कृतिक, सामाजिक, कलात्मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। गुरुवार 15 जून को भी शहर में अनेक ऐसे कार्यक्रम हैं, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में माह के प्रादर्श श्रृंखला के अंतर्गत माह जून के प्रादर्श के रूप में नदी टोला, गुमला, झारखंड के ओरांव समुदाय से संकलित पारंपरिक ‘जाता - एक पारंपरिक हस्त चालित चक्की’ को दर्शकों के अवलोकनार्थ प्रदर्शित किया गया है। पाषाण से निर्मित यह चक्की अनाज पीसने में उपयोग होती थी। इसे सुबह 11 बजे से देखा जा सकता है।
चित्र प्रदर्शनी - रेखाओं को जोड़कर चटख रंगों से बनाए गए पशु-पक्षी एवं जानवरों के चित्र सभी को आकर्षित करते हैं। ऐसे ही चित्रों को निहारने का अवसर कला प्रेमियों को मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय में मिल रहा है। गोंड समुदाय की चित्रकार रजनी धुर्वे के चित्रों की प्रदर्शनी लिखंदरा दीर्घा में सजाई गई है। इस प्रदर्शनी को दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक देखा जा सकता है।
चित्रांकन शिविर - मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय द्वारा संग्रहालय में बच्चों के लिए 11 से 25 जून तक ग्रीष्मकालीन चित्रांकन शिविर उल्लास का आयोजन किया जा रहा है। यह गतिविधि दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक आयोजित की जा रही है। इसमें भील चित्रकार पद्मश्री भूरीबाई, गोंड चित्रकार नर्मदा प्रसाद तेकाम बच्चों को चित्रांकन की बारीकी और रेखा, रंग आदि के बारे में प्रशिक्षण दे रहे हैं।